पाकिस्तान की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कुछ ऐसे चेहरे हैं, जिन्होंने बहुत कम वक्त में अपनी अलग पहचान बना ली है. इन्हीं में एक नाम हानिया आमिर का है. अपनी खूबसूरती, शानदार एक्टिंग और चुलबुले अंदाज के लिए मशहूर हानिया आज पाकिस्तानी सिनेमा और टेलीविजन की सबसे चर्चित एक्ट्रेसेस में शामिल हैं. उनकी पॉपुलैरिटी सिर्फ पाकिस्तान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत समेत कई देशों में भी उनके चाहने वाले हैं.
हानिया जेन जी पीढ़ी से ताल्लुख रखती हैं. उनकी खासियत ये है कि वो अपने एक्टिंग ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक अंदाज, हसमुख स्वभाव और सोशल मीडिया पर एक्टिवनेस के लिए भी जानी जाती हैं. कम उम्र में उन्होंने जिस तरह एंटरटेनमेंट की दुनिया में अपनी जगह बनाई है, वो उन्हें नई पीढ़ी की चर्चित एक्ट्रेसेस में शामिल करता है.
परिवार और शुरुआती जिंदगी
हानिया आमिर का जन्म पाकिस्तान के रावलपिंडी में हुआ था. उनके माता-पिता बचपन में ही अलग हो गए थे और उनकी परवरिश उनकी मां ने की. हानिया अपनी मां के काफी करीब हैं और कई मौकों पर उनके संघर्ष और परिवार के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात कर चुकी हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया था.
ऐसे शुरू हुआ एक्टिंग का सफर
हानिया को एंटरटेनंमेंट की दुनिया में पहला बड़ा मौका साल 2016 में मिली फिल्म 'जानान' से मिला. इस फिल्म में उन्होंने पलवाशा का किरदार निभाया था. इसके बाद साल 2017 में उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और सीरियल 'फिर वही मोहब्बत' में नजर आईं. इस भूमिका के लिए उन्हें हम अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन नई एक्ट्रेस का सम्मान भी मिला.
फिल्मों और सीरियल्स में बनाई पहचान
'जानान' के बाद हानिया ने 'ना मालूम अफराद 2' और 'परवाज है जुनून' जैसी फिल्मों में काम किया. साल 2022 में आई फिल्म 'परदे में रहने दो' में भी वो नजर आईं. फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने टेलीविजन पर भी कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों का ध्यान खींचा.
दिलजीत दोसांझ के साथ भी कर चुकी हैं काम
हानिया ने पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट वर्ल्ड जगत के अलावा भारतीय पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखा. साल 2025 में वह दिलजीत दोसांझ के साथ फिल्म 'सरदार जी 3' में नजर आईं. इसमें उन्होंने नूर का किरदार निभाया. इस फिल्म के जरिए उन्हें एक नए दर्शक वर्ग तक पहुंचने का मौका मिला. इसके अलावा वो 'मेरी जिंदगी है तू' सीलियल में भी नजर आईं और उनकी आने वाली प्रोजेक्ट्स में नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी टेलीविजीन सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' शामिल है.
कितनी है हानिया आमिर की नेटवर्थ?
हानिया आमिर की कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्मों, सीरियल्स, ऐड्स और ब्रांड के साथ कोलैब्रेशन से आता है. वह कई बड़े ब्रांड्स के साथ भी काम कर चुकी हैं. उनकी कुल संपत्ति को लेकर इंटरनेट पर अलग-अलग आंकड़े मौजूद हैं, लेकिन उनकी नेटवर्थ का आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है. इसलिए उनके नाम पर बताई जाने वाली करोड़ों की संपत्ति के दावों को पक्की जानकारी नहीं माना जा सकता.
सोशल मीडिया पर भी है जबरदस्त फैन फॉलोइंग
हानिया की पॉपुलैरिटी का अंदाजा उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से लगाया जा सकता है. मई 2026 में फोर्ब्स के मुताबिक, उनके इंस्टाग्राम पर करीब 2 करोड़ फॉलोअर्स थे और वो पाकिस्तान की सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली महिला बन चुकी थीं. इसी साल उन्हें फोर्ब्स की '30 अंडर 30 एशिया 2026' सूची में एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कैटेगरी में भी जगह मिली.
हानिया आमिर और बादशाह के लिंकअप की खबरें भी काफी चर्चा में रही हैं. दोनों को अप्रैल 2024 में दुबई में साथ देखा गया था, जिसके बाद उनके रिलेशनशिप को लेकर बातें होने लगीं. हालांकि, हानिया ने बादशाह को अपना अच्छा दोस्त बताया था और बादशाह ने भी इन डेटिंग की खबरों को गलत बताया था.
हानिया आमिर का सफर दिखाता है कि नई पीढ़ी के कलाकार अब सिर्फ फिल्मों और टेलीविजन तक सीमित नहीं हैं. एक्टिंग, सोशल मीडिया और ब्रांड के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. एक दशक से भी कम वक्त में हानिया ने जिस तरह पाकिस्तान की चर्चित एक्ट्रेसेस में अपनी जगह बनाई है, उससे साफ है कि वह आने वाले वक्त में भी एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बड़े नामों में शामिल रहने वाली हैं.