US की रहने वाली एक महिला ने अपनी मार्केंटिंग की नौकरी छोड़ दी है ताकि वह एक प्रोफेशनल डॉग वॉकर बन सके. महिला के मुताबिक, यह ब्रेक उनके लिए करियर के सबसे कीमती अनुभवों में से एक साबित हुआ. इस दौरान उन्होंने सफलता को नए नजरिए से देखना सीखा और काम के साथ अपने रिश्ते पर भी दोबारा विचार किया. CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, सैली सिमंस ने नौकरी में बढ़ते दबाव की वजह से नौकरी छोड़ने का फैसला किया है.
काम के दबाव से परेशान होकर छोड़ी नौकरी
CNBC Make It की रिपोर्ट में सैली ने बताया कि साल 2022 में वह एक रिमोट हेल्थकेयर मार्केटिंग जॉब कर रही थीं. वह अमेरिका के पश्चिमी तट पर रहती थीं लेकिन उन्हें पूर्वी क्षेत्र के मुताबिक काम करना पड़ता था. इसके साथ ही वह MBA की पढ़ाई भी कर रही थीं.
काम और पढ़ाई के बीच तालमेल बैठाते-बैठाते वह थक गई थीं. इसी दौरान उन्होंने टिकटॉक पर एक डॉग वॉकर को देखा. उस काम में उन्हें खुली हवा में समय बिताने, शारीरिक गतिविधि करने और अपने समय पर काम करने का मौका नजर आया. इसके बाद उन्होंने अपने पति से मजाक में कहा कि वह नौकरी छोड़कर कुत्तों को घुमाने का काम करना चाहती हैं. धीरे-धीरे उनकी ये बात सच हो गई.
ऐसे शुरू किया डॉग वॉकिंग का काम
इसके बाद साल 2022 के वसंत में सैली ने नौकरी छोड़ दी और MBA की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने पालतू जानवरों की देखभाल से जुड़े प्लेटफॉर्म Rover पर अपनी प्रोफाइल बनाई. उन्होंने इसमें पशु आश्रयों में वॉलंटियर के तौर पर काम करने, दोस्तों के पालतू जानवरों की देखभाल करने और जानवरों के साथ समय बिताने के अपने अनुभव को शेयर किया.
शुरुआत में उन्होंने ग्राहकों और अच्छी रेटिंग हासिल करने के लिए अपनी सेवाओं की कीमत कम रखी. वह 30 मिनट तक कुत्ते को घुमाने के लिए करीब 17 डॉलर और घर जाकर पालतू जानवर की देखभाल करने के लिए करीब 15 डॉलर लेती थीं.
शुरुआत से ही सैली ने इस काम को बिजनेस के तौर पर लिया. वह कुत्तों को घुमाने के अलावा वीकेंड पर घरों में रहकर उनकी देखभाल करती थीं और अपने अपार्टमेंट में भी पालतू जानवरों को रखती थीं. वह उनके मालिकों को तस्वीरें, रोजाना की गतिविधियों और किसी खास बात से जुड़े अपडेट भी भेजती थीं.
चार महीने में मिलीं 30 फाइव स्टार रेटिंग
धीरे-धीरे सैली के काम को अच्छे रिव्यू मिलने लगे और उनके पास बार-बार आने वाले ग्राहक भी बनने लगे. इसके बाद उन्होंने अपनी सेवाओं की कीमत में बढ़त की. कुछ समय बाद वह एक विजिट के लिए 23 डॉलर और रातभर पालतू जानवरों की देखभाल के लिए 84 डॉलर लेने लगीं. चार महीने बाद जब उन्होंने Rover पर काम बंद किया, तब तक उन्हें 30 रिव्यू मिल चुके थे और उनकी रेटिंग पांच स्टार थी. उनके पास रोज आने वाले ग्राहक भी बन गए थे और उनका कैलेंडर बुकिंग से भरने लगा था.
इस काम को करते हुए सैली ने एक खास अनुभव भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि एक परिवार ने अपनी शादी के वीकेंड पर अपने कुत्तों की देखभाल के लिए उन्हें बुलाया था. वह ढाई दिन एक खूबसूरत रिजॉर्ट में रहीं और शादी के दौरान कुत्तों को छोटे-छोटे टक्सीडो पहनाए. उनके मुताबिक, इस अनुभव से उन्हें समझ आया कि पालतू जानवरों की देखभाल का काम परिवारों को जरूरी मौकों पर निश्चिंत रहने में मदद कर सकता है.
क्या डॉग वॉकिंग बन रहा सफलता का नया नजरिया
सैली ने बताया कि कुत्तों को घुमाने के दौरान उन्हें अपने करियर और जिंदगी के बारे में सोचने का भी समय मिला. कुछ दिनों में वह आठ मील से ज्यादा पैदल चलती थीं और उनके 18,000 से अधिक कदम पूरे हो जाते थे. पहले वह सफलता को प्रमोशन, बड़े क्लाइंट और कॉरपोरेट सीढ़ी पर आगे बढ़ने से जोड़कर देखती थीं.
लेकिन इस अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि काम के साथ अपनी जिंदगी को पसंद करना भी जरूरी है. इसी दौरान उन्हें एक मार्केटिंग जॉब का ऑफर भी मिला, जहां वह आज भी काम करती हैं. बाद में प्रेग्नेंसी के दौरान उन्होंने नियमित नौकरी में लौटने का फैसला किया क्योंकि उन्हें स्थिर आमदनी और नौकरी से मिलने वाली सुविधाओं की जरूरत थी.
सैली आज भी डॉग वॉकिंग के उन चार महीनों को अपने करियर का अहम हिस्सा मानती हैं. उनके मुताबिक, किसी भी काम में समय पर पहुंचना, दूसरों की बात सुनना, भरोसा बनाना और लगातार छोटे-छोटे सुधार करना जैसे गुण हर पेशे में काम आते हैं. उनके लिए यह अनुभव सिर्फ करियर से ब्रेक नहीं था, बल्कि सफलता और काम के बीच संतुलन को समझने का एक नया तरीका था.