आईआईटी (ISM) धनबाद के 2026 बैच के लिए कैंपस प्लेसमेंट में नौकरी पाने वाले छात्रों का आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले नीचे आया है. संस्थान के करियर डेवलपमेंट सेंटर की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में 87.61 फीसदी छात्रों को प्लेसमेंट मिला था, जो साल 2026 में 73.64 फीसदी रह गया है. यानी दोनों सालों के बीच प्लेसमेंट दर में 13.97 प्रतिशत अंकों का अंतर रहा. इस प्लेसमेंट सीजन में अलग-अलग पाठ्यक्रमों के 1,882 विद्यार्थियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था. हालांकि, इनमें से 1,487 छात्र ही सक्रिय रूप से भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए. कंपनियों की ओर से कुल 1,095 विद्यार्थियों को नौकरी मिली. इस हिसाब से प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाले 392 छात्र-छात्राओं को नौकरी नहीं मिल सकी.
नौकरी हासिल नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों में 157 छात्र बीटेक के हैं. वहीं, एमटेक, एमएससी और एमएससी टेक जैसे पाठ्यक्रमों में भी कई कोर्स का प्लेसमेंट प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा. इन आंकड़ों से साफ है कि 2026 बैच के प्लेसमेंट में पिछले वर्ष जैसी सफलता नहीं मिली.
केवल दो छात्रों को सरकारी नौकरी
बता दें कि इस दौरान केवल दो छात्रों को सरकारी नौकरी मिली है. जिस कोर्स में सबसे ज्यादा नौकरी मिली है उनमें कोर इंजीनियरिंग का नाम शामिल है. इसमें करीब 486 छात्रों को नौकरी मिली है. इनमें 1095 छात्रों में से 248 लड़कियां हैं और 847 लड़के हैं. सबसे अधिक बीटेक में 158, एमटेक में 32 और एमबीए में 26 लड़कियों को जॉब मिली है.
https://www.iitism.ac.in/storage/files/placement-report-22102026.pdf
डबल मेजर और डुअल डिग्री करने वाले छात्रों का प्लेसमेंट रिकॉर्ड बेहतर
आईआईटी (ISM) धनबाद के प्लेसमेंट आंकड़ों में कुछ कोर्स ने बेहतर प्रदर्शन किया है. संस्थान में बीटेक डबल मेजर यानी बीटेक के साथ एक और मेजर करने वाले और बीटेक-एमटेक की डुअल डिग्री लेने वाले सभी विद्यार्थियों को नौकरी मिली. वहीं, एमबीए में प्लेसमेंट की दर 93.44 फीसदी रही. बीटेक के 81.42 फीसदी और इंटीग्रेटेड एमटेक के 80.26 फीसदी विद्यार्थियों को भी कैंपस के जरिए नौकरी मिली. वहीं, दूसरे कोर्स में एमटेक में 57.88 फीसदी, एमएससी में 50 फीसदी और एमएससी टेक में 48.61 फीसदी विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हुआ. ये आंकड़े बताते हैं कि अलग-अलग कोर्स के हिसाब से नौकरी पाने वाले छात्रों की दर में अंतर रहा.
कितने छात्रों को मिला कितना पैकेज?
कैंपस प्लेसमेंट के दौरान 276 विद्यार्थियों को सालाना 20 लाख रुपये से ज्यादा के पैकेज वाले ऑफर मिले. वहीं, 424 छात्रों को 10 लाख से 20 लाख रुपये सालाना के बीच की नौकरी मिली. 392 विद्यार्थियों को 6 लाख से 10 लाख रुपये सालाना तक के पैकेज ऑफर किए गए. संस्थान के छात्रों का कुल औसत सालाना सीटीसी 16.63 लाख रुपये रहा.
किस कोर्स में सबसे ज्यादा औसत पैकेज?
कोर्स के आधार पर औसत सालाना सीटीसी में बीटेक-एमटेक डुअल डिग्री सबसे आगे रही. इस कोर्स का औसत पैकेज 31.07 लाख रुपये दर्ज किया गया. बीटेक डबल मेजर का औसत सीटीसी 26.78 लाख और इंटीग्रेटेड एमटेक का 25.65 लाख रुपये रहा. वहीं, बीटेक के विद्यार्थियों का औसत पैकेज 18.02 लाख रुपये था. एमएससी टेक में यह आंकड़ा 13.71 लाख, एमबीए में 11.64 लाख, एमटेक में 11.08 लाख और एमएससी में 9.16 लाख रुपये रहा.
बीटेक की किन ब्रांचों में बेहतर रहा प्लेसमेंट?
बीटेक की ब्रांच के हिसाब से मिनरल एंड मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में 100 फीसदी प्लेसमेंट दर्ज किया गया. कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में 89.86 फीसदी और मैकेनिकल माइनिंग मशीनरी में 88.57 फीसदी विद्यार्थियों को नौकरी मिली. मैकेनिकल इंजीनियरिंग में यह दर 85.71 फीसदी रही.
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 80.49 फीसदी, इंजीनियरिंग फिजिक्स के 79.17 फीसदी और एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग के 74.07 फीसदी विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला. पेट्रोलियम इंजीनियरिंग में यह आंकड़ा 72.37 फीसदी, केमिकल इंजीनियरिंग में 68.57 फीसदी और सिविल इंजीनियरिंग में 57.78 फीसदी रहा. माइनिंग इंजीनियरिंग में प्लेसमेंट की दर 81.61 फीसदी दर्ज की गई.