माना कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दौर है और चुटकियों में किसी भी टॉपिक पर लेख, भाषण या ई-मेल तैयार किया जा सकता है. लेकिन जब बात असली स्ट्रैटेजी, समझ और विजन की आती है, तो आज भी इंसानी दिमाग का कोई मुकाबला नहीं है. इस बात का सबसे बड़ा सबूत है एंथ्रोपिक (Anthropic) कंपनी का यह नया फैसला.
लोकप्रिय एआई चैटबॉट 'क्लाउड' (Claude) को डेवलप करने वाली कंपनी Anthropic को फिलहाल एक अनुभवी इंसानी राइटर की तलाश है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस रोल के लिए कंपनी 3.25 करोड़ रुपये सालाना (लगभग $295,000 से $345,000) तक की शानदार सैलरी देने को तैयार है. कंपनी की ऑफिशियल जॉब लिस्टिंग के मुताबिक, यह पोजीशन सैन फ्रांसिस्को या न्यूयॉर्क सिटी के लिए है.
यह नौकरी सिर्फ पन्नों पर शब्द उकेरने या लिखने भर की नहीं है. जो भी कैंडिडेट इस पद के लिए चुना जाएगा, उसे कंपनी के बड़े अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना होगा. उसे तकनीकी और जटिल विकास को आसान भाषा में समझाना होगा, बड़े इवेंट्स के लिए कम्युनिकेशन्स तैयार करने होंगे और यह तय करना होगा कि कंपनी दुनिया के सामने अपनी बात कैसे रखती है.
इस नौकरी में क्या-क्या करना होगा?
इस राइटर को एंथ्रोपिक के सीनियर लीडर्स, एक्सटर्नल कम्युनिकेशन्स टीम और सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर काम करना होगा. मुख्य जिम्मेदारियों में शामिल हैं:
एग्जीक्यूटिव कम्युनिकेशन्स को तैयार और एडिट करना.
लीडर्स को बड़े पब्लिक इवेंट्स और इंटरव्यू के लिए तैयार करना.
जब कभी कोई ब्रेकिंग न्यूज आए, तो उस पर तुरंत और सटीक प्रतिक्रिया देने में मदद करना.
इसके अलावा, कंपनी को एक ऐसा शख्स चाहिए जो एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तकनीकी विषयों को भी गहराई से समझे और उसे अलग-अलग तरह के लोगों (चाहे वे एक्सपर्ट हों या आम लोग) को बेहद आसान भाषा में समझा सके.
कौन कर सकता है अप्लाई?
एंथ्रोपिक किसी फ्रेशर की तलाश नहीं कर रही है, बल्कि उन्हें एक मंजे हुए प्रोफेशनल की जरूरत है. ऑफिशियल रिक्वायरमेंट नीचे दी जा रही हैं...
अनुभव (Experience): किसी तेज गति से आगे बढ़ने वाले संगठन में हाई-लेवल एग्जीक्यूटिव कम्युनिकेशन्स का कम से कम 8 साल का अनुभव होना चाहिए.
कम्युनिकेशन स्किल्स: दबाव में काम करने की क्षमता के साथ शानदार लेखन कौशल.
निर्णय क्षमता: अनिश्चित स्थितियों को संभालने, समझदारी से फैसले लेने और एक स्पष्ट रणनीतिक दृष्टिकोण रखने की कला.
योग्यता: बैचलर डिग्री या इसके बराबर का कोई अन्य प्रोफेशनल अनुभव.
कंपनी को खासतौर पर ऐसे कैंडिडेट्स की तलाश है जिन्हें साइंस और रिसर्च, प्रोडक्ट्स, एआई आर्किटेक्चर, एंटरप्राइज स्ट्रेटजी या विजुअल स्टोरीटेलिंग और ब्रांड कम्युनिकेशन की अच्छी समझ हो.
कैसे करें आवेदन?
जो उम्मीदवार इस क्राइटेरिया पर खरे उतरते हैं, वे एंथ्रोपिक के ऑफिशियल करियर पोर्टल पर जाकर इस जॉब के लिए आवेदन कर सकते हैं.
यह खबर इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि भले ही मशीनें शब्दों को लिखना सीख गई हों, लेकिन जटिल विचारों को समझना, क्या कहना है और कब कहना है, यह कला आज भी सिर्फ इंसानों के पास ही है. और एंथ्रोपिक जैसी बड़ी टेक कंपनियां इस हुनर की भारी कीमत चुकाने को भी तैयार हैं!