scorecardresearch
 

अमीरों से दोस्ती, प्यार का नाटक और हनीट्रैप... ऐसे लूटती थी ये फैशन डिजाइनर, हैरान कर देगी इसकी करतूत

कर्नाटक के बेलगावी में फैशन डिजाइनर दीपा अवतागी को सोशल मीडिया के जरिए अमीर पुरुषों को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे, सोना और कार लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है. दीपा की करतूत आपके होश उड़ा देगी.

Advertisement
X
पुलिस अब दीपा के फरार साथी को तलाश रही है (फोटो-ITG)
पुलिस अब दीपा के फरार साथी को तलाश रही है (फोटो-ITG)

कर्नाटक के बेलगावी में पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने सोशल मीडिया को ही ठगी का हथियार बना लिया था. आरोप है कि वह अमीर पुरुषों से दोस्ती करती थी, उन्हें लॉज में मिलने के लिए बुलाती थी और फिर चालाकी से उनके पैसे, सोना और गाड़ियां लेकर फरार हो जाती थी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह पूरा खेल बेहद सिलसिलेवार तरीके से खेला जा रहा था. अब इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं.

ऐसे शुरू होता था खेल
कर्नाटक के बेलगावी में सामने आए इस हनीट्रैप स्टाइल फ्रॉड ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. तिलकवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने 33 वर्षीय महिला दीपा अवतागी को गिरफ्तार किया है. वह मूल रूप से बागलकोट जिले के महालिंगपुर की रहने वाली और पेशे से फैशन डिजाइनर बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, वह इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अमीर और प्रभावशाली पुरुषों को निशाना बनाती थी. पहले दोस्ती करती और फिर धीरे-धीरे भरोसा जीत लेती थी. यही भरोसा बाद में उसके लिए ठगी का रास्ता बन जाता था.

अमीर पुरुषों को बनाती थी शिकार
जांच में सामने आया है कि दीपा खास तौर पर उन पुरुषों को टारगेट करती थी जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी होती थी. वह सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू करती और खुद को बेहद भरोसेमंद और दोस्ताना अंदाज में पेश करती थी. धीरे-धीरे बातचीत इतनी बढ़ जाती कि सामने वाला व्यक्ति उससे मिलने के लिए तैयार हो जाता था. इसी दौरान वह मुलाकात का प्रस्ताव रखती और किसी लॉज या होटल में मिलने के लिए बुलाती थी. कई पीड़ित अब तक उसके इस जाल में फंस चुके हैं.

Advertisement

लॉज में बुलाकर करती थी खेल
पुलिस के मुताबिक, जब पीड़ित उससे मिलने लॉज में पहुंचते थे तो वह उनसे सामान्य बातचीत करती और भरोसा और गहरा कर देती थी. इसके बाद वह किसी बहाने से पीड़ित को नहाने या फ्रेश होने के लिए भेज देती थी. जैसे ही व्यक्ति बाथरूम में जाता, वह कमरे में रखे नकद पैसे, सोना, बैग और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी. कुछ मामलों में तो वह पीड़ितों की कार तक लेकर निकल जाती थी. जब तक पीड़ित को सच समझ आता, वह काफी दूर जा चुकी होती थी.

बाद में करती थी ब्लैकमेलिंग
मामला यहीं खत्म नहीं होता था. पुलिस जांच में पता चला है कि सामान लेकर भागने के बाद दीपा पीड़ितों को फोन करती थी. वह कहती थी कि अगर वे पैसे दे दें तो वह उनकी कार और सामान वापस कर देगी. इस तरह वह दोबारा भी उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश करती थी. कई पीड़ित डर और बदनामी के डर से उसकी मांग मान लेते थे. यही वजह थी कि लंबे समय तक यह ठगी सामने नहीं आ पाई.

मना करने पर देती थी धमकी
अगर कोई पीड़ित पैसे देने से इनकार करता था तो दीपा कथित तौर पर उसे पुलिस केस में फंसाने की धमकी देती थी. वह कहती थी कि वह उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा देगी, जिससे उनकी सामाजिक छवि खराब हो जाएगी. इस डर से कई लोग पुलिस तक पहुंचने से भी हिचकते रहे. लेकिन आखिरकार एक शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और पूरा खेल सामने आ गया.

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई
तिलकवाड़ी पुलिस ने इस मामले में गुप्त जांच शुरू की और कई तकनीकी सुराग जुटाए. इसके बाद पुलिस ने दीपा अवतागी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसके कई कारनामों के बारे में जानकारी मिली है. पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.

साथी आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में दीपा अकेली नहीं थी. जांच में उसके एक सहयोगी का नाम भी सामने आया है. उसका नाम शिवानंद माटापति बताया जा रहा है, जो बेलगावी जिले के हुक्केरी का रहने वाला है. फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस हनीट्रैप ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement