दिल्ली में निक्की यादव हत्याकांड को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने पुलिस रिपोर्ट मांगी है. आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा का कहना है कि हमें लगता है कि लिव-इन रिलेशनशिप में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं. ऐसी घटनाओं के लिए सिर्फ लड़कियां ही नहीं बल्कि परिवार भी जिम्मेदार होते हैं. यदि लड़कियों को अपना साथी चुनने का अधिकार दिया जाए तो इस प्रकार की घटनाओं में कमी आ सकती है. रेखा शर्मा ने आगे कहा कि पुलिस और परिवार दोनों को इस तरह की घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए. परिवार को लिव-इन रिलेशन को स्वीकार करना चाहिए. हम मामले में सभी जरूरी कार्रवाई करेंगे.
निक्की से छुटकारा चाहता था साहिल गहलोत
उधर, निक्की मर्डर केस की जांच कर रही दिल्ली पुलिस का दावा है कि साहिल गहलोत अपने लिव इन पार्टनर निक्की यादव से छुटकारा चाहता था. पुलिस को साहिल की इंगेजमेंट के वीडियो हाथ लगे हैं. इनमें साहिल अपनी सगाई पर डांस और मस्ती करता नजर आ रहा है. सगाई के बाद साहिल निक्की के फ्लैट पर उससे मिलने पहुंचा था. इसके बाद वह निक्की को लेकर कार से कश्मीरी गेट पहुंचा, जहां उसने निक्की की गला घोंटकर हत्या कर दी.
साहिल गहलोत ने पूछताछ में बताया
पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी को साहिल गहलोत ने अपनी सगाई के दिन दोस्तों के साथ जमकर डांस किया था. इसके बाद वह निक्की के घर पहुंचा. जहां वह रात में रुका. इस दौरान उसने निक्की को उसके साथ घूमने जाने के लिए मनाया. साहिल गहलोत ने पूछताछ में बताया कि निक्की पहले ही उसके साथ गोवा जाने का प्लान बना चुकी थी. उसने टिकट बुक कर लिया था. लेकिन साहिल का टिकट बुक नहीं हो पाया. ऐसे में उसने हिमाचल जाने का प्लान बनाया.
इंस्पेक्टर सतीश कुमार की जुबानी
इस सनसनीखेज वारदात को लेकर क्राइम ब्रांच राजौरी गार्डन में इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात करीब दस बजे सूचना मिली थी कि साहिल गहलोत ने अपनी गर्लफ्रेंड निक्की यादव का मर्डर करके डेडबॉडी को अपने गांव में कहीं छिपा रखा है. इसकी सूचना उन्होंने सीनियर ऑफिसर्स को दी. तुरंत कार्रवाई का निर्देश मिलने पर वो टीम के साथ ढांसा स्टैंड नजफगढ़ पहुंचे और मुखबिर से जानकारी जुटाई.
पुलिस इंस्पेक्टर सतीश कुमार की जुबानी...
इस दौरान पुलिस की टीम साहिल के घर पहुंची लेकिन वो नहीं मिला. उसका फोन स्विच ऑफ था. रात भर काफी तलाश की गई. इसके बाद सुबह करीब 9 बजे मुखबिर की निशानदेही पर कैर गांव मोड़ के पास Sahil Gahlot पकड़ में आया. शुरुआती पूछताछ में उसने बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया.
टीम मौके पर पहुंची और डेडबॉडी रिकवर की
बताया कि पुलिस द्वारा सख्ती से पेश आने पर उसने एक-एक कर हैरान कर देने वाली कई बातें कबूल कीं. उसने बताया कि दस फरवरी को निक्की का मर्डर किया था. इसके बाद डेडबॉडी को अपने 'खाओ पिओ ढाबा' के फ्रीजर में रखा था. इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और डेडबॉडी रिकवर की. इस दौरान फ्रीजर से काफी बदबू आ रही थी.
जांच में ये भी पता चला कि निक्की ने वारदात वाले दिन काले रंग का टॉप, लाइट मिलिट्री ग्रीन कलर का लोअर और ब्लू कलर के जूते पहने हुए थे. उसकी गर्दन पर निशान थे, जो कि बता रहे थे कि निक्की का गला घोंटा गया था. इसके अलावा पैरों व कमर पर भी निशान थे. जो कि साहिल की बर्बरता और हैवानियत को बयां कर रहे थे.
साहिल ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि वह दुविधा में था. एक तरफ निक्की उससे शादी कैंसिल करके अपने साथ रहने के लिए कह रही थी. वहीं दूसरी ओर उसके घरवाले उस पर अरेंज मैरिज का दवाब डाल रहे थे. साहिल ने निक्की के मर्डर के बाद उसकी व्हाट्सऐप चैट भी डिलीट कर दी थी.