पंजाब के मानसा जिले में नशे से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी ही कथित तौर पर चिट्टे (हेरोइन) का सेवन करते हुए पकड़ा गया. मामला बुढलाडा कस्बे का है, जहां स्थानीय लोगों ने एक पुलिस मुलाजिम को कथित तौर पर नशा करते हुए पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तनावपूर्ण माहौल बन गया. लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. इस दौरान स्थानीय लोगों ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना भी दिया.
लोगों का आरोप था कि पुलिस मुलाजिम के पास चिट्टा था और वह इसका सेवन कर रहा था. मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिया और कहा कि कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए बुढलाडा पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मी का डोप टेस्ट करवाया. पुलिस के मुताबिक, टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. इसके बाद पुलिस ने थाना बुढलाडा में संबंधित मुलाजिम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी एएसआई सहिजप्रीत जहान खेलां में ट्रेनिंग कर रहा था. उसकी ड्यूटी बुढलाडा में लगाई गई थी. इसी दौरान शहर में स्थानीय लोगों ने उसे कथित तौर पर नशे का सेवन करते हुए पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने उसका डोप टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई.
एसपी नरेंद्र सिंह के मुताबिक, डोप टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के आधार पर थाना बुढलाडा में एएसआई सहिजप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं, स्थानीय लोग पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.