scorecardresearch
 

चौथी मंजिल, सोफे पर लाश और संदिग्ध मौत... दिल्ली पुलिस सुलझाएगी विवाहिता की डेथ मिस्ट्री

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में 21 वर्षीय विवाहिता की लाश ससुराल में मिलने से हड़कंप मच गया. शादी के कुछ महीनों बाद हुई इस संदिग्ध मौत की जांच पुलिस और कार्यकारी मजिस्ट्रेट कर रहे हैं. आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है (फोटो-ITG)
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है (फोटो-ITG)

दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की लाश ससुराल में मौजूद उसके कमरे में मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. चूंकि महिला की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, इसलिए मामले में कार्यकारी मजिस्ट्रेट को भी जांच में शामिल किया गया है. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि गाजीपुर गांव की गोपाल गली स्थित एक मकान में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका की लाश मकान की चौथी मंजिल पर रखे एक सोफे पर पड़ी मिली. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका की शादी अक्टूबर 2025 में 26 वर्षीय तरुण नामक युवक से हुई थी. घटना के समय घर में तरुण का छोटा भाई और मृतका का देवर सुमित भी मौजूद था. पुलिस ने घर में मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाई जा सके.

Advertisement

पीटीआई के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है. जांच अधिकारी परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और घटना से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रहे हैं. साथ ही महिला की शादी और वैवाहिक जीवन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

चूंकि विवाहिता की मौत शादी के कुछ ही महीनों के भीतर हुई है, इसलिए कानून के तहत कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट  और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement