scorecardresearch
 

इटावा में महिला इन्फ्लुएंसर अश्वी यादव पर 5 करोड़ की रंगदारी का केस, पहले घर पर हुई थी फायरिंग

इटावा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अश्वी यादव ने घर पर फायरिंग की शिकायत दर्ज कराई थी. अब 5 करोड़ की रंगदारी और 1.75 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. जानें क्या है ये पूरा मामला.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (सोशल मीडिया)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (सोशल मीडिया)

इटावा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अश्वी यादव इन दिनों दो अलग-अलग मामलों को लेकर चर्चा में हैं. पहले उन्होंने अपने घर पर फायरिंग और हमला करवाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद उनके खिलाफ 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग के जरिए 1.75 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराने का मामला दर्ज हुआ. दोनों मामलों को लेकर पुलिस जांच कर रही है. 

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को अश्वी यादव ने इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में अपने घर पर फायरिंग और हमला कराने की शिकायत दर्ज कराई थी. इस मामले में चार लोगों को नामजद किया गया था, जबकि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया. 

शिकायत के बाद इलाके में यह मामला चर्चा में आ गया. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, घर पर फायरिंग के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोली चलाने वाले एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, उसे बाल न्याय प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है. 

Advertisement

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इस घटना के पीछे साजिश होने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि इस कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ सबूत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.

फायरिंग की घटना के बाद 12 अक्टूबर 2026 को इटावा के भरथना कोतवाली थाने में अश्वी यादव से जुड़े एक और मामले में मुकदमा दर्ज हुआ. इस बार मामला 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से संबंधित है. शिकायत में पांच लोगों को नामजद किया गया है. 

आरोप है कि साजिश के तहत 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और कथित तौर पर दबाव बनाकर 1.75 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रंगदारी और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले में अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और लेन-देन से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है. 

एसएसपी के मुताबिक, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी कहा कि लेन-देन से जुड़ा मामला सनसनी फैलाने के मकसद से उठाया गया है और इसका जल्द खुलासा किया जाएगा. फिलहाल दोनों मामलों में कथित साजिश की कड़ियों को जोड़ने के लिए तफ्तीश जारी है.

Advertisement

(इटावा से अमित कुमार तिवारी की रिपोर्ट) 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement