scorecardresearch
 

ड्रग्स नेटवर्क: दिल्ली पुलिस ने लखनऊ की फैक्ट्री से बरामद की 6.275 किलो ड्रग्स, बरेली में भी रेड

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-NCR से यूपी तक फैले हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. लखनऊ की अवैध फैक्ट्री से 6.275 किलो हेरोइन समेत कुल 7.076 किलो ड्रग्स बरामद हुई. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-NCR से उत्तर प्रदेश तक फैले एक इंटरस्टेट हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में पुलिस ने कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान लखनऊ में हेरोइन बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का भी पता चला है. पुलिस ने फैक्ट्री पर छापा मारकर 6.275 किलो तैयार हेरोइन बरामद की है. यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिले की टीम ने की.

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला 2.504 किलो सोडियम और 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड भी बरामद किया गया है. बरामदगी के बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है.

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में छापेमारी कर बबलू को गिरफ्तार किया. इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और कथित फैक्ट्री मालिक रुकसार अली उर्फ राजू की तलाश शुरू की. पुलिस ने उसका करीब 120 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार उसे बरेली से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

इससे पहले रोहिणी पुलिस ने अनिल उर्फ भोला को दिल्ली के बेगमपुर इलाके से गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद सामने आई जानकारी के आधार पर जांच को उत्तर प्रदेश तक बढ़ाया गया. इसी पूछताछ के दौरान लखनऊ में चल रही कथित अवैध हेरोइन फैक्ट्री और बरेली से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने लखनऊ और बरेली में एक साथ कार्रवाई की.

Advertisement

दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले कथित इंटरस्टेट हेरोइन नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका और ड्रग्स की सप्लाई चेन की जांच की जा रही है. बरामद हेरोइन, केमिकल और अन्य सामान को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement