scorecardresearch
 

गोगी गैंग से कनेक्शन, अमेरिका में हैंडलर और खूनी साजिश... कारोबारी की पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड, हैरान कर देगी कहानी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश का पर्दाफाश किया है. इस मामले में कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़े आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया है. जांच में हत्या और हमले की साजिश के भी खुलासा हुआ है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस सपना और रजत से लंबी पूछताछ कर चुकी है (फोटो-ITG)
पुलिस सपना और रजत से लंबी पूछताछ कर चुकी है (फोटो-ITG)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के नाम पर एक कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग से जुड़ा आरोपी रजत शामिल है. जांच में सामने आया है कि पत्नी ने ही अपने पति से उगाही, सास की हत्या और पति पर हमले की साजिश रची थी. पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत और आपत्तिजनक चैट भी बरामद हुई हैं.

दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में थोक कारोबार करने वाले एक कारोबारी को 14 जून 2026 को एक विदेशी नंबर से कॉल और मैसेज मिले. कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. धमकी देने वाले ने कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो कारोबारी और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा. आरोपियों ने कारोबारी के घर और दुकान की तस्वीरों के साथ उनकी लोकेशन भी भेजी थी, जिससे कारोबारी और उसका परिवार डर गया.

धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने 18 जून को लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दी गई. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने इस पूरे मामले की दिशा बदल दी.

Advertisement

स्पेशल सेल की जांच में हरियाणा के सोनीपत निवासी रजत का नाम सामने आया. पुलिस ने 25 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया. जांच में पता चला कि रजत का संपर्क गोगी गैंग के सदस्यों और अमेरिका में बैठे गैंग हैंडलरों से था. पुलिस के अनुसार, रजत पहले से ही चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में आरोपी रह चुका है और उसका आपराधिक नेटवर्क काफी सक्रिय था.

पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी की पत्नी सपना जैन ने ही रजत को पूरी साजिश के लिए तैयार किया था. सपना अपने पति की हर गतिविधि, आवाजाही और लोकेशन की जानकारी लगातार रजत तक पहुंचा रही थी. पुलिस के मुताबिक, पहले कारोबारी से 50 लाख रुपये की फिरौती वसूलने की योजना थी. इसके बाद कारोबारी की मां की हत्या और खुद कारोबारी पर हमला कराने की भी साजिश बनाई गई थी.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, कारोबारी और उसकी पत्नी सपना जैन के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों अलग-अलग रह रहे थे, जबकि कारोबारी के माता-पिता अलग घर में रहते थे. पुलिस का कहना है कि सपना की अपने सास-ससुर, खासकर सास से अनबन थी. हालांकि, परिवार के लोगों का कहना है कि ऐसा कोई बड़ा विवाद नहीं था, जिससे इस तरह की खतरनाक साजिश रचने की नौबत आ जाती.

Advertisement

'आज तक' से बातचीत में पीड़ित कारोबारी ने अपनी साली की भूमिका पर भी शक जताया है. कारोबारी का दावा है कि आरोपी रजत कई बार उसके घर आया था और वह अक्सर उसकी साली के साथ आता-जाता था. कारोबारी ने कहा कि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके परिवार के अंदर ही उसके खिलाफ इतनी बड़ी साजिश रची जा रही है. फिलहाल पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है.

पुलिस ने सपना जैन और रजत के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत और आपत्तिजनक चैट बरामद की हैं. जांच में गोगी गैंग के नेटवर्क और विदेश में बैठे उसके हैंडलरों से जुड़े कई सुराग भी मिले हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे. स्पेशल सेल का कहना है कि पूरे नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन की गहन जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement