बेंगलुरु के पीट स्ट्रीट में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात हुई है. 69 साल की महिला की हत्या कर उसके सोने के गहने लूट लिए गए. पुलिस ने इस मामले में शिव कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार मृतका शोभा पिछले एक दशक से अपने पति की अकेले देखभाल कर रही थीं. दंपति की कोई संतान नहीं थी और वो अकेले ही जीवन जी रहे थे. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना का खुलासा बुधवार शाम तब हुआ, जब उनके पति के फिजियोथेरेपिस्ट तय सत्र के लिए घर पहुंचे. घर के अंदर शोभा को खून से लथपथ हालत में पाया गया. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.
प्यास का बहाना बनाकर घर में घुसा था हत्यारा
शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन करीब शाम 4 बजे आरोपी शिवकुमार, जो उसी इलाके का निवासी और थोक दुकान संचालक है, उसने शोभा को सोने के गहने पहने देखा. पुलिस का कहना है कि वह पहले से योजना बनाकर उनके पीछे-पीछे घर तक पहुंचा.
आरोपी ने प्यास लगने का बहाना बनाकर दरवाजा खुलवाया और पानी मांगने के नाम पर घर के अंदर प्रवेश किया. पुलिस के मुताबिक, उसे लगा कि शोभा घर में अकेली हैं. अंदर घुसते ही उसने उन पर हमला कर दिया. जब शोभा ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका गला रेत दिया.
CCTV से पकड़ा गया आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मौके से 100 ग्राम से अधिक सोने के गहने लेकर फरार हो गया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था और उसे चुकाने के इरादे से उसने वारदात को अंजाम दिया.