scorecardresearch
 

बिश्नोई गैंग से दो बार जान से मारने की धमकी... महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को मिली Y+ सुरक्षा

अकोला पश्चिम विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को कुख्यात बिश्नोई गैंग की ओर से दो बार जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. महाराष्ट्र गृह विभाग ने विधायक की सुरक्षा को अपग्रेड करते हुए उन्हें 'Y+' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है.

Advertisement
X
विधायक के साथ 24 घंटे तैनात रहेगा सशस्त्र दस्ता.(Photo:ITG)
विधायक के साथ 24 घंटे तैनात रहेगा सशस्त्र दस्ता.(Photo:ITG)

महाराष्ट्र के अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से दो बार जान से मारने की धमकी मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है.

जानकारी के अनुसार, पहली धमकी फरवरी महीने में मिली थी. आरोप है कि फोन करने वालों ने रंगदारी की मांग करते हुए पैसे नहीं देने पर विधायक की हत्या करने की धमकी दी थी. इसके बाद जुलाई महीने में दूसरी धमकी कांग्रेस के एक नगरसेवक के मोबाइल फोन पर आई, जिसमें फिर से विधायक को जान से मारने की चेतावनी दी गई.

इस मामले को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र में जोरदार हंगामा हुआ. विपक्षी सदस्यों ने सरकार से विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इसके बाद महाराष्ट्र गृह विभाग ने साजिद खान पठान को Y+ सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया.

नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत विधायक के साथ अब सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अकोला पुलिस की एस्कॉर्ट वैन, गनमैन तथा सुरक्षा दल 24 घंटे उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे.

इस संबंध में अकोला पुलिस से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और जांच का हवाला देते हुए कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

फिलहाल धमकी देने वालों की पहचान और मामले की जांच को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और विधायक की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement