पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल देखी जा रही है. तृणमूल कांग्रेस से कई विधायक और सांसदों के बागी होने की खबर है. तमाम रिपोर्ट्स की मानें तो करीब 19 सांसद पार्टी से नाराज हैं, उनके नाम बागियों की लिस्ट में है. अगर ये 19 सांसद भी तृणमूल कांग्रेस से बाहर होते हैं तो ममता बनर्जी और टीएमसी की दिक्कतें और भी ज्यादा बढ़ जाएंगी.
इन 19 सांसदों की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और यूसुफ पठान का भी नाम होने की खबर है. बंगाल की राजनीति में ऐसे उलटफेर के बीच, लोग पश्चिम बंगाल के सांसदों के जीवन और उनकी संपत्ति के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. खासकर ज्यादातर लोग ये जानने की कोशिश कर रहे हैं कि टीएमसी का सबसे अमीर नेता कौन है?
दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा को ममता बनर्जी के बेहद करीबी माना जाता है, क्योंकि ममता ने उनकर भरोसा करके आसनसोल से चुनाव लड़वाया. पिछले दिनों ममता बनर्जी के हर फैसले पर शत्रुघ्न सिन्हा हां में हां मिलाते नजर आए थे. लेकिन अब अचानकर बागी होने की खबर आ रही है, क्योंकि बागियों की लिस्ट में नाम है.
हालांकि अब जाकर शत्रुघ्न सिन्हा ने चुप्पी तोड़ी है, उन्होंने कहा कि मैं ममता बनर्जी के साथ हूं, क्योंकि मैं जब बुरे दौर से गुजर रहा था, तो ममता बनर्जी मेरे साथ थीं. लेकिन ये बयान आने में करीब दो दिन का वक्त लग गया.
लोकसभा चुनाव 2024 के हलफनामे के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के आसनसोल से सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल के सबसे अमीर सांसद हैं. 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार उनकी कुल घोषित संपत्ति करीब 210 करोड़ रुपये है. इससे पहले 2019 में उनकी कुल संपत्ति लगभग 112 करोड़ रुपये थी, यानी पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में तेजी से इजाफा हुआ है.
कितनी है अचल संपत्ति
शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा की अचल संपत्तियों की बात करें तो उनके पास मुंबई समेत कई स्थानों पर आवासीय और अन्य अचल संपत्तियां हैं. 2019 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी अचल संपत्ति की वैल्यू 103.61 करोड़ रुपये थी, जबकि उनकी पत्नी के नाम पर करीब 62.65 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी थी. इनके पास पटना, मुंबई और पुणे में मकान, फ्लैट और अन्य प्रॉपर्टी रही हैं, जिनकी वैल्यू 3.23 करोड़ रुपये बताई जाती है.
बैंक जमा और फिक्स्ड डिपॉजिट
शत्रुघ्न सिन्हा के बैंक एफडी और जमा खातों में करीब 2.74 करोड़ रुपये थे, जबकि उनकी पत्नी पूनम सिन्हा के पास लगभग 10.68 करोड़ रुपये की बैंक डिपॉजिट और फिक्स्ड डिपॉजिट थी. इसके अलावा, इन्होंने शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में लगभग 29.10 लाख रुपये का निवेश किया है. वहीं उनकी पत्नी के पास ऐसे निवेशों की वैल्यू करीब 2.96 करोड़ रुपये है.
कितना है सोना-चांदी
हलफनामे के अनुसार, शत्रुघ्न सिन्हा के पास सोना, चांदी और अन्य कीमती चीजों से बनी ज्वेलरी की कीमत करीब 1.03 करोड़ रुपये थी. उनकी पत्नी पूनम सिन्हा के पास लगभग 1.15 करोड़ रुपये के गहने थे.
शत्रुघ्न सिन्हा के पास सात गाड़ियां हैं. इनमें एंबेसडर, दो टोयोटा कैमरी, फॉर्च्यूनर, इनोवा, मारुति सियाज और स्कॉर्पियो जैसी कारें हैं. इन वाहनों की कीमत 14.80 लाख रुपये बताई गई है.
कितना है कर्ज?
हलफनामे में शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पास लगभग 6 लाख रुपये कैश और पत्नी के पास करीब 5.95 लाख रुपये कैश होने की जानकारी दी थी. कुल मिलाकर इनकी नेटवर्थ 210 करोड़ रुपये की है और कर्ज 17 करोड़ रुपये का है.
बता दें, विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद से TMC में घमासान मची है, एक के बाद एक विधायक और सांसद बागी हो रहे हैं. ममता बनर्जी के खिलाफ खुलकर विधायक-सांसद बोल रहे हैं, बागी नेताओं का आरोप है कि ममता बनर्जी पार्टी से ज्यादा अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के बारे सोचती हैं, जो कि पार्टी हित में गलत है. अनुभवी नेताओं को दरकिनार करके अभिषेक बनर्जी को पार्टी का सर्वोसर्वा बनाने का खेल चल रहा है.