सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट (Gold-Silver Rate Fall) का सिलसिला जारी है. बीते तीन दिनों से लगातार ये कीमती धातुएं सस्ती हो रही हैं. मंगलवार की बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को भी सोना सस्ता हुआ, तो वहीं चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. अब 1 Kg Silver Price अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से 2.03 लाख रुपये कम हो चुका है.
चांदी में तेज गिरावट जारी
चांदी की कीमत में गिरावट की रफ्तार सोने की तुलना में तेज है. बीते कारोबारी दिन 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर गिरकर 2,19,217 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था और बुधवार को ये अचानक फिसलकर 2,17,022 रुपये प्रति किलो पर आ गया. यानी बुधवार को शुरुआती वायदा कारोबार में ही Silver 2195 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई.
तीन दिन में इतनी सस्ती Silver
MCX Silver Rate पर नजर डालें, तो इस सप्ताह की शुरुआत से ही इसकी कीमत में गिरावट जारी है. बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को चांदी का भाव 2,25,755 रुपये पर बंद हुआ था और बुधवार को 2,17,022 रुपये प्रति किलो से तुलना करें, तो ये कीमती धातु तीन दिनों में ही अब तक 8733 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है.
हाई से अब 2 लाख सस्ती
चांदी की कीमत में लगातार जारी गिरावट के आधार पर कैलकुलेशन करें, तो ये अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से अब 2 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती मिल रही है. बता दें कि जनवरी महीने में सिल्वर प्राइस पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर के पार निकल गया था और 4,20,048 रुपये के लाइफ टाइम हाई पर पहुंचा था. वर्तमान भाव के आधार पर देखें, तो चांदी वायदा कारोबार में अब हाई से 2,03,026 रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है.
सोने का भाव भी लुढ़का
एमसीएक्स पर चांदी की कीमत के बाद अब बात करें, तो सोने के भाव के बारे में, तो बुधवार को इस कीमती पीली धातु का भाव भी गिरा है. MCX Gold Rate देखें, तो बीते कारोबारी दिन ये कीमती पीली धातु 1,48,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी, लेकिन बुधवार को ये 1,47,653 रुपये तक फिसल गई. यानी सोना 797 रुपये सस्ता हो गया.
घरेलू मार्केट में सोना-चांदी
वायदा कारोबार के बाद अब बात करते हैं घरेलू मार्केट में सोना-चांदी की कीमतों में बारे में, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक, 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का रेट बीते बंद 1,47,617 रुपये से गिरकर 1,46,345 रुपये पर आ गया. वही चांदी की कीमत 2,19,038 रुपये से घटकर 2,14,392 रुपये प्रति किलो रह गई.
(नोट: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)