उत्तर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के लिए गुरुवार को गुड न्यूज आई. योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath Govt) ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में इजाफा (DA Hike) कर दिया है. सरकार ने डीए में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की है. ऐसे में राज्य के कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनभोगियों की पेंशन में तगड़ा इजाफा देखने को मिलेगा. सरकार के इस फैसले के बाद अब तक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिल रहा 58 फीसदी DA/DR बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया गया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और फुल टाइम कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. शासन के आदेश के अनुसार कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से इस बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा. बता दें कि सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 16 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा.
ऐसे किया जाएगा भुगतान
सरकारी आदेश के मुताबिक, मई 2026 के नियमित वेतन के साथ बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा. वहीं जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक के बकाये को भविष्य निधि खाते, पीपीएफ या एनएससी के रूप में जमा कराया जाएगा.
इसके अलावा नेशनल पेंशन स्कीम यानी NPS से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी खास प्रावधान किए गए हैं. बकाया राशि का एक हिस्सा कर्मचारियों के टियर-1 पेंशन खाते में जमा कराया जाएगा, जबकि बाकी की रकम PPF या NSC के रूप में दी जाएगी.
योगी सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं या अगले छह महीने में रिटायर होने वाले हैं, उन्हें बकाया राशि का पूरा भुगतान नकद किया जाएगा.
कितनी बढ़ जाएगी सैलरी?
DA Hike के बाद कैलकुलेशन करें, तो अब तक जिस कर्मचारी का बेसिक पे 30,000 रुपये है और उसे 58% के हिसाब से 17,400 रुपये का महंगाई भत्ता मिल रहा था. इसमें 2 फीसदी के इजाफे के बाद अब 60% के आधार पर ये सीधे बढ़कर 18,000 रुपये हो जाएगा. इस हिसाब से 30 हजार रुपये मंथली बेसिक सैलरी पर हर महीने 600 रुपये का इजाफा देखने को मिलेगा यानी सालभर में 7200 रुपये का सैलरी हाइक.
वहीं अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 20 हजार रुपये है, तो उसे अब तक 58% की दर से मिलने वाला महंगाई भत्ता 11,600 रुपये था, जबकि DA में इजाफा के बाद 60 फीसदी की दर पर 12,000 रुपये मिलेगा. यानी हर महीने महंगाई भत्ते में 400 रुपये की बढ़ोतरी होगी.