scorecardresearch
 
Advertisement
यूटिलिटी

130 Kmph की रफ्तार, 58:35 घंटे में 2532 KM! नई अमृत भारत मंजूर... इन 4 राज्यों को जोड़ेगी ट्रेन

Gujarat to Bihar New Train Amrit Bharat Express Approved
  • 1/8

गुजरात से बिहार का करीब 2500 किलोमीटर का सफर अब यात्रियों के लिए थोड़ा आसान हो सकता है. खासकर उन लोगों के लिए, जो लंबी दूरी की यात्रा में कम किराए वाला विकल्प तलाशते हैं. रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है. खास बात यह है कि इस ट्रेन का रूट सिर्फ गुजरात और बिहार को नहीं जोड़ेगा, बल्कि रास्ते में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहर भी आएंगे. यानी इन सभी राज्यों के यात्रियों को सफर के लिए एक नया रेल विकल्प मिलने वाला है.

Gujarat to Bihar New Train Amrit Bharat Express Approved
  • 2/8

नई अमृत भारत एक्सप्रेस भुज और बरौनी के बीच चलेगी. ट्रेन का नंबर 19427 होगा और यह करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. गोरखपुर के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को एक ही रेल रूट से जोड़ेगी. ऐसे यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास हो सकती है, जिन्हें लंबी दूरी के सफर में सीधी ट्रेन चाहिए और बार-बार ट्रेन बदलने से बचना है.

Gujarat to Bihar New Train Amrit Bharat Express Approved
  • 3/8

इस ट्रेन के रास्ते में कई अहम शहर आएंगे. गुजरात में सामाखियाली और अहमदाबाद, राजस्थान में रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर जैसे स्टेशन शामिल हैं. इसके बाद ट्रेन उत्तर प्रदेश में मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा और गोरखपुर पहुंचेगी. बिहार में इसके प्रमुख ठहराव सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर हैं. यानी इस एक ट्रेन से कई शहरों के यात्रियों को सीधा कनेक्शन मिलेगा.

Advertisement
Bhuj to Barauni Train New Amrit Bharat Express Approved
  • 4/8

लंबी दूरी के इस सफर में ट्रेन की रफ्तार भी यात्रियों के लिए अहम होगी. जानकारी के मुताबिक, अमृत भारत एक्सप्रेस की अधिकतम रफ्तार 110 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी. भुज से बरौनी तक करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन करीब 58 घंटे 35 मिनट में सफर पूरा करने की जानकारी दी गई है. इसे आधुनिक और तेज सेवा के तौर पर तैयार किया गया है.

Bhuj to Barauni Train New Amrit Bharat Express Approved
  • 5/8

अगर आप गुजरात से बिहार जाने की योजना बना रहे हैं तो ट्रेन की टाइमिंग आपके लिए काम की है. ट्रेन नंबर 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे (17:30 बजे) चलेगी और 58 घंटे 35 मिनट की यात्रा के बाद चौथे दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वापसी में, ट्रेन नंबर 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे (23:55 बजे) चलेगी और 61 घंटे 20 मिनट की यात्रा के बाद चौथे दिन दोपहर 1:15 बजे (13:15 बजे) भुज पहुंचेगी.

Amrit Bharat Express New Bhuj-Barauni Train
  • 6/8

यह ट्रेन रोजाना नहीं चलेगी, इसलिए यात्रा की योजना बनाते समय दिन जरूर देख लें. भुज-बरौनी ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलाने का प्रस्ताव है. वहीं बरौनी-भुज सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी. यानी दोनों दिशाओं में यात्रियों को हफ्ते में तीन दिन इस सेवा का विकल्प मिलेगा. बुकिंग शुरू होने के बाद टिकट लेते समय ट्रेन के दिन और उपलब्धता जरूर जांचनी होगी.

Amrit Bharat Express New Bhuj-Barauni Train
  • 7/8

अमृत भारत एक्सप्रेस का सबसे बड़ा फोकस किफायती यात्रा पर है. इसे खास तौर पर लोअर और लोअर-मिडिल इनकम वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. शायद इसीलिए इस ट्रेन को आम लोगों की वंदे भारत भी कहा जा रहा है. ट्रेन में 11 जनरल क्लास, 8 स्लीपर क्लास, एक पैंट्री कार और 2 लगेज कम दिव्यांगजन कोच होंगे. यानी लंबी दूरी के सफर में ज्यादा यात्रियों को ध्यान में रखकर इस ट्रेन को  तैयार किया गया है. 

New Amrit Bharat Train to Connect Gujarat, Rajasthan, UP and Bihar
  • 8/8

ट्रेन में सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, फायर डिटेक्शन सिस्टम और सील्ड गैंगवे जैसी सुविधाएं भी हैं. रेल मंत्रालय से इस नई ट्रेन को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन सेवा शुरू होने की आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है. इसलिए फिलहाल यात्रियों को बुकिंग शुरू होने का इंतजार करना होगा. संचालन की तारीख तय होने के बाद टिकट बुकिंग और किराए की पूरी जानकारी भी साफ होगी. 

Advertisement
Advertisement