शेयर बाजार (Stock Market) में निवेश करने वाले इन्वेस्टर्स के लिए मालगाड़ी बनाने वाली कंपनी का शेयर मल्टीबैगर (Multibagger Share) साबित हुआ है, जिसने कुछ ही सालों में उन्हें मालामाल बना दिया है. हम बात कर रहे हैं ज्युपिटर वैगन्स लिमिटेड (Jupiter Wagons Ltd) की, जिसने कम समय में चौंकाने वाला रिटर्न दिया है. इस स्टॉक में निवेश करने वाले निवेशकों का पैसा एक साल के भीतर ही तीन गुना हो गया है.
क्या करती है ज्यूपिटर वैगन्स कंपनी?
ज्युपिटर वैगन्स (Jupiter Wagons) भारत में रेलवे वैगन, यात्री कोच और कास्टिंग मैन्युफैक्चरिंग करने वाली रेलवे से जुड़ी कंपनी है. इस कंपनी को चालू वित्त वर्ष में कई बड़े ऑर्डर हासिल हुए हैं, जिनका असर इसके शेयरों और निवेशकों की संपत्ति पर साफ दिखाई दे रहा है. एक साल में ज्युपिटर वैगन्स की परफॉर्मेंस पर नजर डालें तो ये स्टॉक एक साल पहले यानी 28 सितंबर 2022 को महज 71.15 रुपये का था, लेकिन बुधवार को कारोबार खत्म होने पर ये बढ़कर 317.90 रुपये के स्तर पर क्लोज हुआ.
एक साल में 300% से ज्यादा रिटर्न
इस एक साल की अवधि में Jupiter Wagons Share द्वारा निवेशकों को मिले रिटर्न की बात करें तो 28 सितंबर 2022 से 27 सितंबर 2023 तक इसने 346.80 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. यानी सालभर में ही निवेशकों का लगाया गया पैसा तीन गुना हो गया है. बीते 6 महीने की बात करें तो कंपनी के शेयर में पैसा लगाने वाले निवेशकों को 269.44 फीसदी का रिटर्न दिया है. बुधवार को इस शेयर में अपर सर्किट लगा था और ये 4.99 फीसदी की उछाल के साथ क्लोज हुआ था.
बुधवार को शेयर में लगा था अपर सर्किट
बुधवार को भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) में कारोबार शुरू होने पर सुबह 9.15 बजे पर ज्यूपिटर वैगन्स का शेयर 309.40 रुपये के लेवल पर ओपन हुआ था और ये कारोबार के दौरान 308 रुपये के लो-लेवल, जबकि 317.90 के हाई लेवल तक गया और इसी स्तर पर बंद हुआ. अपने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न (Multibagger Return) देने वाली इस कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1210 करोड़ रुपये है और बीती जून 2023 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने जोरदार मुनाफा हासिल किया है.
जून तिमाही में जबरदस्त प्रॉफिट
जून 2023 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने अपने नतीजों का ऐलान करते हुए बताया था कि उसका शुद्ध लाभ 387.59 फीसदी बढ़कर 62.9 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यानी जून 2022 को समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 12.9 करोड़ रुपये था. जून 2023 को समाप्त तिमाही में राजस्व 154.68 फीसदी बढ़कर 755.4 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)