शेयर बाजार में कब कौन सा शेयर धमाल मचा दे और अपने निवेशकों को मालामाल कर दे, कहना मुश्किल है. एक ऐसा ही शेयर है ई2ई नेटवर्क्स का स्टॉक, बीते कुछ समय में शेयर बाजार क्रैश होने के बावजूद पैसे लगाने वालों को तगड़ी कमाई करा रहा है. इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि बीते 20 दिनों में ये 50 फीसदी के आसपास, तो पिछले छह महीने में 100% से ज्यादा उछल चुका है और निवेशकों के लिए पैसे छापने की मशीन बना नजर आ रहा है.
खुलते ही लगा अपर सर्किट
E2E Networks आईटी और क्लाउड सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी है और इसके शेयर ने बीते कुछ दिनों से गदर मचा रखा है. सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को जब शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स रेड जोन में ट्रेड कर रहे है, ऐसे में इस शेयर में ओपनिंग के कुछ ही मिनटों बाद अपर सर्किट (E2E Networks Share Upper Circuit) लगा. 4280 रुपये पर खुलने के बाद ये झटके में 5 फीसदी चढ़कर 4324.40 रुपये के लेवल पर जा पहुंचा.
बता दें ये E2E Networks Share का नया 52 वीक का हाई लेवल है. शेयर प्राइस में आई इस जोरदार तेजी का असर कंपनी का मार्केट कैप पर भी देखने को मिला है और ये बढ़कर 8890 करोड़ रुपये हो गया है.
निवेशकों को बना रहा अमीर
ई2ई शेयर लगातार अपने निवेशकों को अमीर बनाता हुआ नजर आ रहा है. जहां मंगलवार को इसने अपर सर्किट हिट किया है, तो वहीं बीते 20 दिनों में ये करीब 50 फीसदी उछल चुका है. यही नहीं बीते छह महीने का रिटर्न देखें, तो इस स्टॉक में पैसे लगाने वालों की रकम दोगुनी हो गई है. बीते 8 दिसंबर 2025 को इस शेयर गकी कीमत 2023 रुपये थी और अब तक इसमें 101% से ज्यादा या 2120 रुपये का उछाल आ चुका है.
100 रुपये से कम का शेयर 4000 के पार
कम समय में अपने निवेशकों के लिए मल्टीबैगर (Multibagger Stock) बने शेयरों की लिस्ट में ये स्टॉक भी शामिल है. महज चार साल में इसने 3000% का धांसू मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. बीते 17 जून 2022 को एक ई2ई नेटवर्क्स शेयर की कीमत सिर्फ 98.55, जबकि मंगलवार को ये 4324 रुपये पर पहुंच गया. इसकी कीमत 4180.90 रुपये बढ़ गई है.
10 टुकड़ों में बंटेगा ये शेयर
मल्टीबैगर ई2ई नेटवर्क्स लिमिटेड शेयर (Multibagger E2E Networks Stock) अब 10 टुकड़ों में बंटने वाला है. कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है और इसके लिए रिकॉर्ड डेट 5 जून 2026 निर्धारित की गई है, जो बेहद करीब है. कंपनी अपने शेयर को 1:10 के रेशियो में बांटेगी और सीधे शब्दों में समझें, तो इसका मतलब ये है कि 10 रुपये की फेसवैल्यू वाला एक शेयर अब 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बंट जाएगा.
यानी किसी निवेशक के पास कंपनी के 10 शेयर होंगे, तो ये बढ़कर 100 हो जाएंगे और निवेशकों के पोर्टफोलियो में इस स्टॉक की संख्या बिना नई खरीद के ही बढ़ जाएगी. हालांकि, इन्वेस्टमेंट वैल्यू जस की तस रहेगी. Stock Split के ऐलान के बाद से ही शेयर बाजार में ये मल्टीबैगर शेयर गदर मचाए नजर आ रहा है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)