मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स अपने आईपीओ लॉन्च के साथ ही एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड बनाती जा रही है. जहां IPO ओपन होने के महज 100 मिनट में ये फुल सब्सक्राइब्ड हुआ, तो वहीं अब शेयर मार्केट डेब्यू के साथ मार्केट कैपिटल के लिहाज से Jio Platforms देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है. बता दें कि इस लिस्ट में पहले पायदान पर मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ही है.
गौरतलब है कि बुधवार को शेयर बाजार में भूचाल के बीच भी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर (Jio Platforms Share) शानदार 21 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुए और निवेशकों को हर एक लॉट पर करीब 3000 रुपये की कमाई कराई है.
लिस्ट होते ही Jio का मार्केट कैप
Mukesh Ambani की रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सर्विस कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज पर 1,119 रुपये के अपने आईपीओ प्राइस के मुकाबले 21.40% से ज्यादा के प्रीमियम पर लिस्ट हुए. इनका मार्केट डेब्यू 1358 रुपये प्रति शेयर पर हुआ. इसके साथ ही मार्केट कैपिटलाइजेशन के लिहाज से यह देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है, क्योंकि लिस्ट होने के साथ ही कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन (Jio Platforms Market Value) 12,50,586.39 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
लगातार बनाए IPO ने रिकॉर्ड
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने लॉन्च के बाद से ही एक के बाद एक कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. जहां आम निवेशकों के लिए ओपन होने से महज 100 मिनट के अंदर ये फुल सब्सक्राइब्ड हो गया, तो वहीं जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ.
पब्लिक इश्यू और एंकर इन्वेस्टर प्लेसमेंट में कुल डिमांड 7.4 लाख करोड़ रुपये को पार कर गई और आवेदनों की संख्या 1.39 करोड़ तक पहुंच गई, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इसके साथ ही ये कंपनी देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है.
जियो प्लेटफॉर्म्स में RIL की हिस्सेदारी
यहां बता दें कि देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में पहले से ही नंबर-1 पायदान पर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का दबदबा लंबे समय से कायम है, इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन (Reliance Market Capital) 16 लाख करोड़ रुपये के आसपास है. बुधवार को शेयर मार्केट डेब्यू करने वाली जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस की 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है.
यह भी पढ़ें: Stock Market Crash: Jio लिस्टिंग से पहले शेयर बाजार में भूचाल, पलक झपकते ही सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश... IT शेयर धड़ाम
शेयर बाजार क्रैश, Jio ने दिखाया दम
Jio Platform Shares ऐसे समय में लिस्ट हुए हैं, जबकि शेयर बाजार क्रैश था. जी हां, बुधवार को सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स में ओपनिंग के साथ ही बड़ी गिरावट देखने को मिली. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा टूटकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 200 अंक से ज्यादा फिसलकर ट्रेड कर रहा था. लेकिन बाजार में मचे कोहराम के बीच भी मुकेश अंबानी के जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने दम दिखाया और निवेशकों को कमाई कराई.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)