बिहार में विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 21 साल के शासन में बिहार को देश के सबसे निचले पायदान पर लाकर खड़ा किया गया है. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सरकार राज्य की तस्वीर बदलने में पूरी तरह विफल रही है.
बिहार सबसे ज्यादा बेरोजगारी वाला राज्य: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार आज भी देश का सबसे गरीब और सबसे अधिक बेरोजगारी वाला राज्य बना हुआ है. प्रति व्यक्ति आय के मामले में राज्य सबसे नीचे है और खेलकूद समेत कई क्षेत्रों में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने 21 सालों तक एनडीए को मौका दिया, लेकिन बदले में राज्य को पिछड़ापन और बदहाली ही मिली.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है. उनका दावा है कि आम लोगों में भय का माहौल है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रही है.
लूटा जा रहा सरकारी खजाना: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने सदन का जिक्र करते हुए कहा कि जब विपक्ष इन मुद्दों को उठाता है तो सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं होता. उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी खजाने को लूटा गया है और हालात ऐसे हो गए हैं कि आने वाले समय में कर्मचारियों को वेतन देने में भी दिक्कत हो सकती है.
हालांकि, सत्ताधारी दल की ओर से इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाज़ी करार दिया गया है. एनडीए नेताओं का कहना है कि राज्य में विकास कार्य लगातार हो रहे हैं और विपक्ष जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है.