बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. यहां कुसडिहरा गांव में रहने वाले 25 वर्षीय एक शादीशुदा युवक ने पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद धारदार हथियार उठाया और आवेश में आकर अपने गुप्तांग को काटकर अलग कर दिया. इतना ही नहीं, उसने उसी हथियार से अपनी गर्दन पर भी वार करने की कोशिश की. इस खौफनाक घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को इसकी सूचना दी.
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए युवक को सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद गंभीर थी. प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने के लिए तत्काल इलाज शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.
युवक में आ जाएगी नपुंसकता
इस मामले में सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि युवक ने मंगलवार को अपने प्राइवेट पार्ट को पूरी तरह से काट कर हटा दिया था. इसके पीछे कुछ मनोवैज्ञानिक कारण भी हो सकते हैं. बेहतर इलाज सेवा आने वाले दिनों में स्वस्थ हो जाएगा. लेकिन युवक में नपुंसकता आ जाएगी. सिविल सर्जन का कहना है कि युवक में अब मर्दानगी नहीं रहेगी. फिलहाल युवक का इलाज जारी है.
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक इस मामले में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि, गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और इसे मानसिक तनाव के खतरनाक परिणाम के रूप में देख रहे हैं.
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद किस हद तक किसी व्यक्ति को प्रभावित कर सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में समय रहते परामर्श और सहयोग बेहद जरूरी होता है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.