जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह जाते-जाते अपने बेटे निशांत कुमार को सत्ता सौंपने की तैयारी कर रहे हैं. बिहार के सासाराम में एक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता के साथ राजनीतिक धोखा किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि राज्य की आम जनता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में मजदूरी करने भेजने को मजबूर है. बिहार के गरीब परिवारों के बच्चे रोजगार की तलाश में तमिलनाडु, गुजरात और पंजाब जैसे राज्यों में जाने को मजबूर हैं, जबकि सत्ता में बैठे लोग परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं.
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन जिस तरह से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने चुनाव के समय नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर जनता से वोट मांगे और अब कुछ ही महीनों बाद मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा हो रही है, यह जनता के साथ धोखा है.
यह भी पढ़ें: 'जल्द शुरू करूंगा बिहार के 38 जिलों का दौरा', CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का ऐलान
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है तो जिस नए नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाना है, उसे मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाकर दोबारा चुनाव कराए. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने कभी नहीं कहा था कि उसका अपना मुख्यमंत्री होगा. किशोर ने आरोप लगाया कि '25 से 30 फिर से नीतीश' जैसे नारों के जरिए जनता को भ्रमित किया गया और अब सत्ता को परिवार के भीतर ही सौंपने की तैयारी हो रही है.
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और जनादेश की भावना के खिलाफ है. दरअसल, प्रशांत किशोर सासाराम में अपने संगठन जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ पायलट बाबा आश्रम में आयोजित एक समीक्षात्मक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की तथा राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए.