बिहार की राजधानी पटना से सटे नौबतपुर इलाके से एक बड़ी वारदात सामने आई है. यहां बुधवार देर शाम दानापुर में एक निजी संस्थान में काम करने वाली युवती को बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां मार दीं. घटना नौबतपुर के चिरौड़ा गांव के पास सड़क पर उस वक्त हुई, जब युवती अपने काम से लौटकर नौबतपुर स्थित किराए के मकान पर जा रही थी.
घायल युवती की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से समस्तीपुर की रहने वाली है. गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में तत्काल एम्स (AIIMS) पटना में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नौबतपुर के चिरौड़ा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला को अपराधियों ने गोली मार दी है. घायल महिला की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर की रहने वाली है और दानापुर में एक निजी संस्थान में काम करती है. वह नौबतपुर स्थित अपने किराये के मकान पर लौट रही थी, इसी दौरान घटना हुई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
फिलहाल युवती को गोली मारने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
दिल्ली में भी युवती की गोली मारकर हत्या
इससे अलग दिल्ली के केशवपुरम इलाके में भी एक 20 वर्षीय युवती की उसके घर में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, युवती के माथे पर गोली मारी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती का जानकार है. पुलिस आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.