पटना के जगदेव पथ स्थित बकरा बाजार में इस बार बकरीद से पहले खास चर्चा ‘सलमान’ और ‘सुल्तान’ नाम के दो बकरों की हो रही है. दोनों बकरे अपनी कीमत और कद-काठी की वजह से बाजार में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, लेकिन तेज गर्मी के कारण खरीददारों की भीड़ कम नजर आ रही है.
काले रंग का दो साल का बकरा ‘सलमान खान’ बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा में है. इसकी कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है. इसकी ऊंचाई लगभग 4 फीट है और वजन 100 किलो से ज्यादा है. इसे बिहार के आरा के रहने वाले परवेज लेकर आए हैं, जिन्होंने इसे यूपी के मऊ से 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था.
परवेज का कहना है कि वह सलमान को दाना और हरी सब्जियां खिलाकर पाल रहे हैं. हालांकि, उनका कहना है कि इस समय गर्मी की वजह से ग्राहक कम आ रहे हैं. पिछले साल भी उन्होंने एक बकरा लगभग 2 लाख रुपये में बेचा था, लेकिन इस बार बाजार की स्थिति थोड़ी कमजोर दिख रही है.
बकरा बाजार में महंगे बकरों की भारी चर्चा
इसी बाजार में यूपी के मऊ जिले के व्यापारी सद्दाम भी अपने बकरे ‘सुल्तान’ को लेकर आए हैं. सुल्तान की कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये रखी गई है. इसकी उम्र दो साल है और इसे व्यापारी ने खुद पालकर बड़ा किया है. सद्दाम का कहना है कि गर्मी के कारण खरीददारों की संख्या कम है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि बकरीद से पहले सुल्तान जरूर बिक जाएगा.
छोटे बजट वाले ग्राहक भी बाजार में तलाशते रहे विकल्प
बाजार में आए कई खरीदारों का कहना है कि इस बार बकरों के दाम ज्यादा हैं. कुछ लोग 40 हजार रुपये के बजट के साथ आए हैं, जबकि अधिकतर खरीदार 10 से 15 हजार रुपये के बीच बकरा खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. बाजार में 10 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक के बकरे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. अधिकतर व्यापारी आजमगढ़ और मऊ से आए हुए हैं, जो अपने बकरे यहां बेच रहे हैं. गर्मी और कीमतों के दबाव के बीच बकरा बाजार में रौनक जरूर है, लेकिन खरीददारों की कमी ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है.