बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र से सामने आए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस हत्याकांड में किसी बाहरी दुश्मन का नहीं, बल्कि मृतका के अपने पति का ही हाथ निकला. घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब मधुबन जगदीश गांव में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव संदिग्ध हालात में मिले थे. शुरुआत में मृतका के पति संतोष कुमार ने इसे जमीनी विवाद बताते हुए अपने ही रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की. जांच के दौरान जब तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और एफएसएल रिपोर्ट खंगाली गई, तो कहानी पूरी तरह बदल गई. पुलिस को पति संतोष के बयानों में लगातार विरोधाभास मिला, जिससे शक गहराता गया.
कड़ी पूछताछ के बाद संतोष कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक, उसका अपनी कथित प्रेमिका करीना कुमारी के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था. दोनों एक साथ रहना चाहते थे और इसी वजह से पत्नी और बच्चे उनके रास्ते की बाधा बन रहे थे.
योजना के तहत संतोष ने पहले अपनी पत्नी को दवा देकर बेहोश किया, फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद अपनी बेटी को भी गला दबाकर मार डाला और तीन महीने के मासूम बच्चे को मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद संतोष ने पूरे मामले को जमीनी विवाद का रंग देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती और वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी साजिश टिक नहीं सकी.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में इस्तेमाल रस्सी और दवा भी बरामद कर ली गई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.