scorecardresearch
 

नकली सिगरेट का कारोबार, ट्रेन से दिल्ली तक सप्लाई... मुंगेर में पकड़े गए दो तस्कर, 2400 पैकेट की खेप बरामद

बिहार के मुंगेर में जमालपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने नकली कैप्स्टन सिगरेट के 2400 पैकेट बरामद किए हैं. दो आरोपी गरीब रथ एक्सप्रेस से इन्हें दिल्ली ले जाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने यह खेप मुंगेर के मुर्गियाचक के पास एक व्यक्ति से खरीदी थी. अब जांच में सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है.

Advertisement
X
दिल्ली ले जा रहे थे नकली सिगरेट की खेप. (Photo: ITG)
दिल्ली ले जा रहे थे नकली सिगरेट की खेप. (Photo: ITG)

बिहार के मुंगेर से नकली सिगरेट की खेप ट्रेन के रास्ते दिल्ली ले जाने की तैयारी थी. इसके लिए दो लोगों ने जूट के बड़े बोरे और गत्ते के डिब्बे तैयार किए थे. उन्हें लेकर दोनों जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचे. लेकिन ट्रेन में चढ़ने से पहले ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने उन्हें पकड़ लिया. तलाशी हुई तो बोरों और डिब्बों से 2400 पैकेट नकली सिगरेट बरामद हुई.

इस कार्रवाई को रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम टीम यानी CIB ने अंजाम दिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान 52 साल के मोहम्मद परवेज खान और 28 साल के मोहम्मद अली के रूप में हुई है. दोनों मुंगेर के रहने वाले हैं. बरामद सिगरेट की कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है.

जमालपुर में रेलवे सुरक्षा बल की CIB टीम को सूचना मिली थी कि दो लोग गरीब रथ एक्सप्रेस से नकली सिगरेट की बड़ी खेप लेकर दिल्ली जाने वाले हैं. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर एसके सुधा के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर निगरानी शुरू कर दी.

munger fake cigarette smuggling 2400 packets seized two arrested

इसी दौरान दो लोग दो बड़े जूट के बोरे और दो भूरे रंग के गत्ते के डिब्बे लेकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते दिखे. टीम को शक हुआ तो दोनों को रोककर सामान की तलाशी ली गई. शुरुआत में आरोपियों ने कहा कि बोरों में घर का सामान है. लेकिन जब बोरे और डिब्बे खोले गए तो अंदर सिगरेट के पैकेट मिले.

Advertisement

एक के बोरे में 1200, दूसरे के डिब्बे में मिले 1200 पैकेट

तलाशी के दौरान मोहम्मद परवेज खान के बोरे से 1200 पैकेट और मोहम्मद अली के डिब्बों से 1200 पैकेट बरामद हुए. इस तरह कुल 2400 पैकेट नकली सिगरेट पकड़ी गई. रेलवे सुरक्षा बल के मुताबिक, बरामद सिगरेट की कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बिहार: गोल्ड फ्लैक के नाम पर बन रही थी नकली सिगरेट, मुजफ्फरपुर में 5 करोड़ की मशीनें जब्त

पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने यह खेप मुंगेर के मुर्गियाचक के पास एक व्यक्ति से खरीदी थी. अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि सिगरेट बनाने या पैक करने का काम कहां हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग हैं. जांच एजेंसियों को शक है कि मुंगेर और आसपास के इलाकों में नकली सिगरेट तैयार करने के छोटे-छोटे ठिकाने हो सकते हैं. वहां सस्ते तंबाकू और नकली पैकिंग के जरिए नामी ब्रांड की नकल तैयार की जाती है. इसके बाद इन्हें दूसरे शहरों में भेजा जाता है. यह भी जांच का विषय है कि दिल्ली में इस खेप को किसे पहुंचाया जाना था और वहां इसकी बिक्री कहां होनी थी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement