बिहार में मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तौफिर इंद्र टोला गांव में शादी के महज दो माह बाद नवविवाहिता 19 साल की रूपम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
विदाई कराने आए भाई को पीटकर भगाया
मृतका के पिता बेगूसराय जिले के अकाहा शाम्हो दियारा निवासी भुजल यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि 6 मई को उन्होंने बेटी की शादी चामो यादव के पुत्र मनखुश यादव से हुई थी. दहेज में दो लाख रुपये नकद, दो तोला सोना और चांदी के जेवर देकर की थी. शादी के चार दिन बाद जब मृतका का भाई विदाई कराने ससुराल पहुंचा तो पति और उसके बड़े भाई ने उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया.
उन्होंने बताया की दस दिन पूर्व बेटी से बात हुई थी उसने बताया की एक लाख रूपए की मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं तभी बिदाई करेंगे.मैंने बोला की कुछ दिन रुक जाओ पैसे का जुगाड़ कर भेज दूंगा लेकिन आज पता चला कि सुसराल वालों और दामाद मिलकर मेरी बेटी की हत्या कर फांसी लगा दिया.जब हमको जानकारी हुई तो मैं गंगा में तैरकर बेटी को देखने के लिए अस्पताल पहुंचा.
गला दबाकर मार डाला मेरी बेटी को
मृतका के पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया. वहीं मृतका की बड़ी बहन पिंकू देवी ने बताया की सुपम तीन बहन में सबसे छोटी थी और हमलोग भाई बहन मिलकर दो माह पूर्व धूम धाम से उसकी शादी किए थे लेकिन दहेज के लोभियों ने मेरी बहन की हत्या कर दी.
उन्होंने कहा आज भी बहन से बात हो रही थी वह बोल रही रही दहेज को लेकर मारपीट किया जा रहा जिसके बाद फोन बंद हो गया. जिसके बाद कुछ घंटे बाद जानकारी हुई की मेरी बहन की हत्या कर दी गई है. परिजनों ने आरोप लगाया की रूपम की हत्या उसके सुसरवाल वाले ,ससुर चामो यादव, मृतिका के पति मनखुश कुमार, भैसुर रणवीर यादव,उसकी पत्नी, देवर गोविंदा और मनु ने मिलकर उसकी हत्या की है.
पति घर छोड़कर फरार, सास गिरफ्तार
वहीं मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. पुलिस ने मृतका की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है जबकि पति समेत अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.