बिहार के हाजीपुर से एक दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है. अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
ये मामला वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव का है, जहां रविवार दोपहर को एक परिवार अपने घर के सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहा था. इसी दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों लोग बेहोश हो गए.
घटना की जानकारी मिलने पर गांव वालों ने तुरंत चारों लोगों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन डॉक्टरों ने उन सभी को मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
हाजीपुर के सदर क्षेत्र के उपमंडल मजिस्ट्रेट राम बाबू बैठा ने कहा, 'रविवार दोपहर को अधिकारियों को सूचना मिली कि अनवरपुर गांव में एक परिवार के चार सदस्य अपने घर की सेप्टिक टंकी की सफाई करते समय बेहोश हो गए. बाद में, ग्रामीणों ने उन्हें पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया.'
यह भी पढ़ें: भोपाल: सेप्टिक टैंक के अंदर संदूक में मिली महिला की लाश, हाथ का टैटू खोलेगा राज
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं.