बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि 'नीरज कुमार का किला टूट चुका है.'
अनंत सिंह ने कहा है कि जनता ने हमारे उम्मीदवार को वोट दिया है और हमारे उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई जगहों पर हमारे लोगों को परेशान किया है, कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ भी लिया है.
अनंत सिंह ने कहा, मुझे विश्वास है हमारे उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे इस लिए हम जश्न मना रहे हैं. इस बीच, जेडीयू की ओर से संभावित कार्रवाई के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वे चाहते हैं पार्टी उन पर कार्रवाई करे.
बता दें, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी है. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल हैं.
वहीं, बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला जेडीयू के नीरज कुमार और मोकामा के विधायक अनंत सिंह के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. एक तरफ नीरज कुमार अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में हैं, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. जेडीयू के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं.
MLC चुनाव के दौरान मोकामा में झड़प की खबर भी सामने आई है. अनंत समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों पक्षों को नियंत्रित किया गया.