रूस ने सोमवार रात यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सेना ने यूक्रेन में सैन्य-औद्योगिक ठिकानों, क्रूज मिसाइलों के स्टोरेज और डेटा सेंटर को निशाना बनाया. मंत्रालय ने दावा किया कि कीव शहर और उसके आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर हमला किया गया. रूस ने कहा कि इस कार्रवाई में जमीन से दागे जाने वाले सटीक निशाने वाले हथियारों और हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने रातभर कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं. कई इमारतों और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप हटे पीछे... रूस को छूट देते ही उनके मंत्री देने लगे सफाई, भारत पर ये बड़े दावे
यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक, रूस ने रातभर में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ 269 ड्रोन लॉन्च किए. यूक्रेन का दावा है कि उसके एयर डिफेंस ने 243 ड्रोन और 4 मिसाइलों को नष्ट कर दिया या उनका रास्ता रोक दिया. यूक्रेन ने बताया कि 25 जगहों पर हमले दर्ज किए गए, जबकि रोके गए हमलों के मलबे 8 जगहों पर गिरे.
कीव में मेडिकल सेंटर और मेट्रो स्टेशन को नुकसान
कीव के देस्नियांस्की जिले में एक निजी मेडिकल सेंटर और मेट्रो स्टेशन को नुकसान पहुंचा. शहर के सैन्य प्रशासन ने टेलीग्राम पर इसकी जानकारी दी. निप्रोव्स्की जिले में मलबा गिरने से शैक्षणिक संस्थानों और एक खेल परिसर को नुकसान हुआ. मलबा गैर-आवासीय इमारतों पर भी गिरा.
रूस ने इन ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया
रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कीव में एक डेटा सेंटर, ड्रोन और फ्लेमिंगो क्रूज मिसाइलों के पुर्जे रखने वाले फायर पॉइंट लॉजिस्टिक्स सेंटर और ड्रोन के पुर्जे बनाने वाली औद्योगिक इकाई को निशाना बनाया गया. मंत्रालय ने एक लोकोमोटिव डिपो पर हमला करने का भी दावा किया, जहां उसके मुताबिक मिसाइलें रखी थीं. कीव क्षेत्र में सैन्य उद्योग के लिए पॉलिमर सामग्री बनाने वाले एक प्लांट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है.
यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष तक पहुंची रूस-यूक्रेन की जंग, अमेरिकी सैटेलाइट का पीछे क्यों पड़ा रूसी सैटेलाइट
रूस ने यह भी दावा किया कि ओडेसा बंदरगाह से करीब 130 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में एक बड़े मालवाहक जहाज पर हमला किया गया. रूसी मंत्रालय के मुताबिक, जहाज पर सैन्य और दोहरे इस्तेमाल वाला सामान लदा था. कीव के सोलोमियांस्की जिले में 25 मंजिला रिहायशी इमारत के भीतर मौजूद एक मेडिकल सेंटर की तीसरी मंजिल पर आग लग गई. आपातकालीन सेवाओं ने आग पर काबू पा लिया. आसपास की इमारतों और एक शॉपिंग सेंटर की खिड़कियां भी टूट गईं.
aajtak.in