रूस ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक परमाणु खतरे को लेकर गंभीर चिंता जताई है. रूस के विदेश मंत्री Sergey Lavrov ने कहा है कि परमाणु अप्रसार के सिद्धांतों पर रूस कायम रहेगा और उनका समर्थन करता रहेगा.
लावरोव ने साफ कहा कि इस समय परमाणु प्रसार के नियंत्रण से बाहर होने का खतरा बढ़ता जा रहा है. उनके अनुसार दुनिया ऐसे दौर में पहुंच रही है जहां परमाणु हथियारों को लेकर नई होड़ शुरू हो सकती है.
मिडिल ईस्ट संघर्ष पर रूस की चेतावनी
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध हालात को और जटिल बना सकता है. लावरोव के मुताबिक, इस संघर्ष के चलते सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि कुछ अरब देशों में भी परमाणु बम हासिल करने की कोशिशें तेज हो सकती हैं.
रूसी विदेश मंत्री का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर सिर्फ क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका प्रभाव वैश्विक सुरक्षा पर भी पड़ेगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात के कारण वैश्विक परमाणु खतरा और अधिक गंभीर होता जा रहा है.
ईरान युद्ध से बढ़ सकता है परमाणु खतरा
रूस ने दोहराया है कि वह परमाणु अप्रसार के सिद्धांतों का समर्थन करता है और इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर आगे भी अपनी नीति पर कायम रहेगा. लावरोव के बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है जब मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है और कई देश अपनी सुरक्षा रणनीति पर फिर से विचार कर रहे हैं. बता दें, मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष को लेकर चीन भी पहले ही अपनी चिंता जता चुका है. चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता Mao Ning ने सभी पक्षों से सैन्य कार्रवाई रोकने और युद्ध को पड़ोसी देशों तक फैलने से बचाने की अपील की थी.
aajtak.in