सऊदी के रियाद एयरपोर्ट पर फिर हमला… कल हुए अटैक में एक भारतीय की भी मौत

रियाद एयरपोर्ट पर रविवार को फिर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिससे टर्मिनल-4 में आग लग गई. इससे एक दिन पहले हुए हमले में 12 लोगों की मौत और 309 लोग घायल हुए थे. हमले के बाद एयरपोर्ट बंद है, इस हमले में 11 भारतीय भी घायल थे, जिसमें से एक की मौत हो गई.

Advertisement
रियाद एयरपोर्ट पर फिर हमला, टर्मिनल-4 में लगी आग.(File Photo-Reuters) रियाद एयरपोर्ट पर फिर हमला, टर्मिनल-4 में लगी आग.(File Photo-Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:26 PM IST

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एयरपोर्ट पर एक बार फिर हमला हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार दोपहर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-4 से टकराया, जिसके बाद वहां आग लग गई. रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया. वहीं, शनिवार को हुए हमले में एक भारतीय की भी मौत हो गई है.

Advertisement

सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने बताया कि रविवार, 11 अक्टूबर को किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक और हमले में निशाना बनाया गया. अथॉरिटी के मुताबिक, हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं. एयरपोर्ट की सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन और सुरक्षा जांच संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर की जा रही है.

यह हमला एक दिन पहले यानी शनिवार, 10 अक्टूबर को एयरपोर्ट पर हुए घातक हमले के बाद हुआ है. शनिवार के हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 309 लोग घायल हुए थे. सऊदी अरब ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है. मृतकों में चार सऊदी नागरिक और आठ विदेशी नागरिक शामिल थे, जिनमें एक अमेरिकी नागरिक भी था.

हमले के बाद रियाद का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट रविवार को भी बंद रहा. फ्लाइट-ट्रैकिंग सेवा Flightradar24 के मुताबिक, एयरपोर्ट को 12 अक्टूबर की आधी रात तक बंद रखने का फैसला किया गया है. हालांकि, सऊदी विमानन अधिकारियों ने उड़ानें दोबारा शुरू होने का समय अभी तय नहीं किया है. हूती विद्रोहियों ने रविवार को एयरलाइंस, एयरपोर्ट कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी एयरपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी है. वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की बात कही है.

Advertisement

एक भारतीय मौत

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें कम से कम 11 भारतीय भी शामिल हैं. भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी थी.

अब दूतावास ने बताया है कि हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की आज मौत हो गई है. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह मृतक के परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए हर संभव मदद करेगा. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी रियाद हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि भारतीय दूतावास परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराएगा.

पाकिस्तान के भी नागरिक घायल

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूती हमले में छह पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.शहबाज शरीफ ने कहा कि रियाद में पाकिस्तान का दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »