पाकिस्तान के पंजाब में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया है. आज तड़के पेशावर जा रही एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई. इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
पुलिस और रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 5:15 बजे कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस मुल्तान में शेर शाह ब्रिज के पास से गुजर रही थी. इसी वक्त ये हादसा हुआ. पाकिस्तान रेलवे के प्रवक्ता बाबर अली ने बताया कि ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे.
ट्रेन के ड्राइवर ने बताया कि जब ट्रेन शेर शाह स्टेशन से गुजर रही थी, तो उसे अचानक एक तेज झटका महसूस हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए. ट्रेन रुकने पर पता चला कि एक्सप्रेस के कुल 14 डिब्बे पटरी से उतर चुके थे.
मौके पर रेस्क्यू जारी
हादसे की सूचना मिलते ही मुल्तान से एक राहत ट्रेन और मेडिकल वैन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. बचाव कर्मियों ने पटरी से उतरे डिब्बों से यात्रियों का रेस्क्यू किया. बचाव दल एक डिब्बे के अंदर फंसे यात्री तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहा था.
इस दुर्घटना के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात ठप हो गया है, जिससे इस रूट पर सेवाओं पर भारी असर पड़ा है. मुल्तान के कमिश्नर अमीर करीम खान ने मौके का दौरा किया और प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों से मिलकर उन्हें हर मुमकिन मदद का भरोसा दिलाया.उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फंसे हुए यात्रियों के लिए अस्थायी आवास, परिवहन और नाश्ते का इंतजाम करने के निर्देश दिए.
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, जांच के आदेश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतरीन मेडिकल ट्रीटमेंट मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. हालांकि, अभी तक ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह सामने नहीं आई है. पाकिस्तान रेलवे और एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं.
बता दें कि इससे पहले अगस्त 2023 में भी सिंध के नवाबशाह के पास हजारा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी. इस हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.
aajtak.in