पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की. इस दौरान मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक लिखित संदेश ईरानी विदेश मंत्री को सौंपा. ये विशेष संदेश ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के नाम भेजा गया है.
गृहमंत्री मोहसिन नकवी शनिवार रात तेहरान पहुंचे थे, जहां उनके ईरानी समकक्ष एस्कंदर मोमेनी ने उनका स्वागत किया. ईरानी अधिकारियों की ओर से जारी की गई तस्वीरों में गृह मंत्री नकवी, विदेश मंत्री अराघची को एक लिफाफा सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं.
हालांकि, ईरान सरकार ने इस संदेश के अंदर लिखी बातों का खुलासा नहीं किया है. पाकिस्तान सरकार ने भी अभी तक तेहरान में हुई इस मुलाकात या प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
मिडिल-ईस्ट संकट और शांति वार्ता पर हुई चर्चा
ईरान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की. इसके साथ ही, उन्होंने मिडिल ईस्ट संकट को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की मध्यस्थता में चल रही राजनयिक प्रक्रिया की ताजा स्थिति पर चर्चा की.
एक पोस्ट में बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच आपसी हित के मुद्दों और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी बातचीत हुई. अपने इस दौरे पर नकवी के ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और दूसरे वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों से भी मिलने की उम्मीद है.
सीजफायर को बचाए रखने की कोशिश
राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, नकवी का ये दौरा सीजफायर को बचाए रखने की कोशिशों का हिस्सा है. इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान ने ही इस सीजफायर को कराने में मदद की थी. तेहरान रवाना होने से पहले गृह मंत्री नकवी ने प्रधानमंत्री शरीफ और दूसे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की थी.
यह भी पढ़ें: 'जब भी शांति की बात होती है, तभी...', अमेरिका पर भड़के ईरानी विदेश मंत्री अराघची
इसी बीच, लेबनान के सेना कमांडर जनरल रोडोल्फ हैकल भी शनिवार को पाकिस्तान के दौरे पर रवाना हो गए हैं. लेबनानी सशस्त्र बलों के मुताबिक, ये यात्रा उनके पाकिस्तानी समकक्ष के निमंत्रण पर हो रही है, लेकिन इसके एजेंडे का खुलासा नहीं किया गया है.
aajtak.in