'मैंने सिगरेट छोड़ दी...', G-7 नेताओं ने पूछा- कब? तो मेलोनी ने दिया ये जवाब, Video

दुनियाभर के ये नेता फ्रांस में जियोपॉलिटिक्स को लेकर जुटे हुए थे लेकिन फुटबॉल एक ऐसा विषय था, जिस पर सभी एक सुर में सुर मिला रहे थे. माइक्रोफोन में रिकॉर्ड बातचीत में कई नेताओं को फीफा वर्ल्डकप की बातें करते सुना गया.

Advertisement
इटली की पीएम मेलोनी ने छोड़ दी सिगरेट. (Photo: Social Media) इटली की पीएम मेलोनी ने छोड़ दी सिगरेट. (Photo: Social Media)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:26 AM IST

फ्रांस के एवियन शहर वैश्विक नेताओं की मौजूदगी से सराबोर है. यहां G-7 समिट में प्रधानमंत्री मोदी से लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, इटली की पीएम मेलोनी, किएर स्टार्मर समेत दुनियाभर के नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है. ऐसे में कई नेताओं की निजी बातचीत भी माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हुई.

G-7 समिट के दौरान जब नेता एक-दूसरे से मिल रहे थे तो कई मौके ऐसे आए जब इनकी बातचीत रिकॉर्ड हुई. इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी की सिगरेट छोड़ने वाली बातचीत खूब सुर्खियां बटोर रही है.

Advertisement

दरअसल बैठक शुरू होने से पहले जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक फर्ज ने मेलोनी से पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी है? इस पर मेलोनी ने जवाब दिया है कि उन्होंने एक मई से सिगरेट नहीं पी है. यह सुनते ही कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची और यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी. कार्नी ने मजाकिया लहजे में पूछा कि क्या आपने निकोटिन पैच लगाया है? जिस पर वहां मौजूद नेता हंस पड़े.

नेताओं पर छाया फीफा का खुमार 

दुनियाभर के ये नेता फ्रांस में जियोपॉलिटिक्स को लेकर जुटे हुए थे लेकिन फुटबॉल एक ऐसा विषय था, जिस पर सभी एक सुर में सुर मिला रहे थे. माइक्रोफोन में रिकॉर्ड बातचीत में कई नेताओं को फीफा वर्ल्डकप की बातें करते सुना गया. एक नेता ने फ्रांस की टीम का समर्थन करते हुए कहा Allez les bleus! वहीं किसी अन्य नेता ने Paris Saint-Germain की हालिया चैंपियंस लीग जीत की सराहना की. ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर ने भी केप वर्डे द्वारा स्पेन के खिलाफ 0-0 के ड्रॉ की तारीफ करते हुए कहा कि यह वास्तव में शानदार था.

Advertisement

ट्रंप का ग्रीनलैंड को लेकर बयान फिर चर्चा में

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की एक छोटी-सी टिप्पणी पूरे समिट में चर्चा का विषय बनी. यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि आप समझते हैं? वह फिर थोड़ी देर रुककर बोले-ग्रीनलैंड. इसके बाद की बातचीत सुनाई नहीं दी. बता दें कि ट्रंप पहले भी कई बार ग्रीनलैंड को खरीदने की इच्छा जता चुके हैं, जिससे यूरोपीय देशों में नाराजगी पैदा हुई थी.

मैक्रों की घड़ी पर लगे ठहाके

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों एक बैठक के दौरान अपनी घड़ी भूल गए. इस पर कनाडा के पीएम कार्नी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैक्रों अपनी घड़ी यहीं छोड़ गए हैं. इस पर ट्रंप ने तुरंत जवाब दिया कि अगर छोड़ गए हैं तो मुझे दे दो. इस टिप्पणी पर सभी नेता हंस पड़े.

ट्रंप को तोहफे में मिली साइकिल

मैक्रों ने अगले वर्ष फ्रांस में होने वाली साइकिलिंग विश्व चैंपियनशिप के प्रचार के लिए सभी G-7 नेताओं को एक-एक साइकिल भेंट की. यह बात इसलिए दिलचस्प रही क्योंकि ट्रंप कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उन्हें व्यायाम पसंद नहीं है और वे गोल्फ के अलावा अधिक शारीरिक गतिविधियां नहीं करते.

वहीं, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रंप को जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर उनका नाम और नंबर 47 लिखा था, जो उनके 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यकाल का प्रतीक है. 

Advertisement

मेलोडी की फिर हुई चर्चा

एक और दिलचस्प क्षण तब सामने आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात हुई. इस पर मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि आपसे फिर मिलकर अच्छा लगा. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम का जिक्र किया. मेलोनी ने तुरंत जवाब दिया कि हां, हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं. यह सुनकर आसपास मौजूद लोग हंस पड़े.

मैक्रों बने मध्यस्थ

एक अन्य बातचीत में मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को ट्रंप के बारे में चर्चा करते हुए सुना गया. मैक्रों ने जेलेंस्की से कहा कि कल कैमरों के सामने हमारी मुश्किल बातचीत हुई थी. इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या जेलेंस्की की ट्रंप के साथ अलग बैठक तय है. जब जेलेंस्की ने बताया कि वह अगले दिन ब्रसेल्स जा रहे हैं, तो मैक्रों ने कहा कि ठीक है, मैं इसकी व्यवस्था कर दूंगा.

ट्रंप को मनाते दिखे कॉर्नी

एक अन्य बातचीत में कनाडा के पीम मार्क कार्नी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को कनाडा की नई नीति समझाते नजर आए. उन्होंने बताया कि कनाडा ने चीन से इलेक्ट्रिक वाहनों के आयात को सीमित करने का फैसला किया है. कार्नी ने कहा कि यह हमारे बाजार का 3 प्रतिशत से भी कम है, लगभग 49,000 कारें. हमने सख्त सीमा तय की है, मुझे लगा आपको यह पसंद आएगा. इस पर ट्रंप का जवाब था कि यह अच्छा है, मुझे पसंद आया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »