चुनाव से पहले ईरान से जंग चाहते थे नेतन्याहू, IDF चीफ ने मांगा लिखित ऑर्डर... इजरायल में घमासान

इजरायल टाइम्स ने चैनल 12 के हवाले से बताया कि ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई पर नेतन्याहू और आईडीएफ प्रमुख इयाल जमीर के बीच तनाव बढ़ा है. चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने कानूनी मंजूरी, गलत आकलन और सुरक्षा के राजनीतिक इस्तेमाल पर सवाल खड़े किए हैं.

Advertisement
बेंजामिन नेतन्याहू, IDF चीफ जमीर. (Photo- ITG) बेंजामिन नेतन्याहू, IDF चीफ जमीर. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:05 PM IST

इजरायल में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से ठीक पहले ईरान को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायली सेना (IDF) के प्रमुख एयाल जमीर के बीच तनाव की खबर सामने आई है. द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली न्यूज चैनल 12 ने दावा किया है कि नेतन्याहू की तरफ से किसी सैन्य कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद जमीर ने इसे लागू करने से पहले और चर्चा की मांग की.

Advertisement

चैनल 12 ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया कि सैन्य अधिकारियों को आशंका थी कि चुनाव से ठीक पहले इस कार्रवाई से ईरान के साथ टकराव बढ़ सकता है. जमीर ने कथित तौर पर नेतन्याहू से इस कदम की कानूनी मंजूरी से जुड़े लिखित दस्तावेज भी मांगे. रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में दोनों के बीच तनाव बढ़ा. हालांकि, राजनीतिक सूत्रों ने इन दावों को खारिज करते हुए इन्हें झूठ बताया है.

यह भी पढ़ें: इजरायल में वोट डालने विदेश से लौट रहे 67 हजार लोग, नेतन्याहू की पार्टी क्यों परेशान?

नेतन्याहू ने रिपोर्ट को बताया बकवास

द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, चैनल 14 को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने सेना प्रमुख के साथ टकराव की खबर को बकवास बताया. उन्होंने कहा कि जमीर के साथ कोई लड़ाई नहीं हुई है. इसी इंटरव्यू में नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उन्होंने IDF और मोसाद को ईरान की सत्ता को गिराने का निर्देश दिया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उनका यह बयान हाल के दिनों में कथित रूप से दिए गए सैन्य कार्रवाई के निर्देश से जुड़ा था या नहीं.

Advertisement

इससे पहले चैनल 13 ने भी रिपोर्ट दी थी कि जमीर ने एक निजी बैठक में कहा था कि उन्हें चुनाव से पहले ईरान पर हमला करने की कोई परिचालन जरूरत नजर नहीं आती. उनके हवाले से कहा गया था कि अगर सेना को हमले की जरूरत महसूस होगी, तो कार्रवाई की जाएगी.

विपक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

रिपोर्ट सामने आने के बाद इजरायल के विपक्षी नेताओं ने नेतन्याहू की आलोचना की. विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट ने कहा कि देश की सुरक्षा को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने जमीर का समर्थन करते हुए कहा कि सेना को नेतन्याहू के राजनीतिक अभियान का हिस्सा नहीं बनने दिया जाएगा.

विपक्षी नेता यायर लैपिड ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू चुनाव टालने के लिए ईरान के साथ तनाव बढ़ाना चाहते हैं. वहीं, यायर गोलान ने कहा कि किसी भी सैन्य कार्रवाई के पीछे स्पष्ट सुरक्षा कारण, रणनीतिक लक्ष्य और जिम्मेदार योजना होनी चाहिए. एविग्दोर लिबरमैन ने भी आरोप लगाया कि नेतन्याहू चुनाव से पहले सैन्य कार्रवाई के जरिए हालात बदलना चाहते हैं.

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने ईरान के मुद्दे पर सरकार और सेना के बीच मतभेद की खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा बताया है. उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री का पद संभालने के बाद से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, उनके और इजरायली सेना (IDF) के बीच ईरान के मुद्दे पर पूरा तालमेल रहा है. काट्ज के मुताबिक, इस तालमेल की वजह से इजरायल की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा ही एकमात्र प्राथमिकता है और आगे भी यही रहेगी.

Advertisement

नेतन्याहू ने ईरान को दी चेतावनी

इसी बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को फिर चेतावनी दी कि ईरान या उसके सहयोगी आने वाले दिनों में इजरायल पर हमला कर सकते हैं. उन्होंने दावा किया कि इजरायल के पास ऐसी खुफिया जानकारी है, जिससे संकेत मिलता है कि ईरान और उसके सहयोगी चुनाव में बाधा डालने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इजरायली सेना रक्षात्मक और आक्रामक, दोनों तरह की कार्रवाई के लिए तैयार है.

यह भी पढ़ें: नेतन्याहू के खिलाफ इस चुनाव में कौन खड़ा है? 1988 के बाद पहली बार फुल टर्म के बाद चुनाव

द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, नेतन्याहू की इन टिप्पणियों और चुनाव से पहले ईरान के मुद्दे पर बढ़ती बयानबाजी को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं. नेतन्याहू ने चुनावी फायदे के लिए युद्ध शुरू करने या मतदान टालने की मंशा से इनकार किया है.

ईरान ने भी दिया जवाब

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि युद्ध दोबारा शुरू होने से ईरान की नीतियां नहीं बदलेंगी. उन्होंने कहा कि उनका देश युद्ध के बाद के हालात के बारे में भी सोच रहा है और अगर फिर हमला किया गया, तो नतीजे पहले से अलग नहीं होंगे.

8 अप्रैल को ईरान और अमेरिका के बीच हुए युद्धविराम के बाद बड़े स्तर की लड़ाई थमी थी, हालांकि होर्मुज स्ट्रेट के आसपास छिटपुट घटनाएं जारी रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, कतर के मध्यस्थ भी रविवार को क्षेत्रीय तनाव कम करने की कोशिशों के तहत तेहरान में थे. ऐसे में इजरायल में चुनाव से ठीक पहले ईरान को लेकर बढ़ता तनाव क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से अहम बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »