होर्मुज पर महाजंग... ईरान ने शिपिंग पर लगाई रोक, ट्रंप बोले- खुला है समुद्री रास्ता

होर्मुज को लेकर ईरान और अमेरिका के दावे आमने-सामने हैं. ईरान ने जहाजों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया है, जबकि अमेरिका का कहना है कि समुद्री रास्ता खुला है और शिपिंग सामान्य रूप से जारी है.

Advertisement
होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर ईरान ने लगाई अस्थायी रोक. (File Photo) होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पर ईरान ने लगाई अस्थायी रोक. (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:58 PM IST

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच टकराव काफी तेज हो गया है. ईरान ने अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का हवाला देते हुए इस अहम समुद्री रास्ते से जहाजों की आवाजाही रोकने का ऐलान किया है. दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज पूरी तरह खुला है और व्यापारिक जहाज आराम से आ-जा रहे हैं. दोनों देशों के इन अलग-अलग दावों ने खाड़ी क्षेत्र में भारी असमंजस पैदा कर दिया है. तेल सप्लाई के लिहाज से बेहद संवेदनशील इस इलाके में मचे बवाल ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार की चिंता बढ़ा दी है.

Advertisement

ईरान के समुद्री विभाग (PGSA) का कहना है कि इलाके में अमेरिकी सेना की हरकतों की वजह से फिलहाल होर्मुज के रास्ते जहाजों का आना-जाना मुमकिन नहीं है. विभाग के मुताबिक, जब वहां हालात ठीक होंगे, तभी जहाजों को आगे जाने की इजाजत मिलेगी. PGSA ने साफ कर दिया है कि इसके लिए परमिट सिर्फ उसकी आधिकारिक वेबसाइट से ही मिलेगा. क्योंकि, ईरान इस समुद्री रास्ते को अपनी सुरक्षा के लिए परमाणु बम से भी ज्यादा कीमती और बड़ा हथियार मानता है.

अमेरिका ने दावे को बताया गलत

ईरान के ऐलान के कुछ ही देर बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने उसका दावा खारिज कर दिया. अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग है, इसलिए ईरान इसे बंद नहीं कर सकता. उसके मुताबिक, कारोबारी जहाज सामान्य रूप से आवाजाही कर रहे हैं, समुद्री रास्ते की सुरक्षा के लिए अमेरिकी बल पहले से तैनात हैं.

Advertisement

सैन्य अधिकारियों ने यह भी कहा कि विदेशी जहाजों की आवाजाही पर ईरान का नियंत्रण होने का दावा बिल्कुल गलत है. उनके मुताबिक, होर्मुज किसी एक देश के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत यहां से जहाजों की आवाजाही जारी रहेगी.

ट्रंप ने क्या कहा?

NBC न्यूज चैनल के एक शो में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज का रास्ता व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है. उन्होंने दुनिया भर के बाजारों को भरोसा दिया कि इस रास्ते से जहाज आराम से आ-जा रहे हैं. ट्रंप ने यह बात ऐसे समय कही है, जब ईरान लगातार इस समुद्री रास्ते पर अपना कब्जा होने का दावा कर रहा है.

दोनों देशों के बीच यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव बहुत तेज हो गया है.  ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर, संयुक्त अरब अमीरात की तरफ ताबड़तोड़ मिसाइलें और ड्रोन दागे. कतर के मुताबिक, उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया, लेकिन गिरते मलबे की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए. उधर ओमान, जॉर्डन ने भी अपने इलाके में हमले होने की बात मानी है. इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दिनों के भीतर ईरान के 300 से ज्यादा ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है.

Advertisement

दुनिया की नजर होर्मुज पर क्यों है?

होर्मुज का यह इलाका दुनिया के सबसे व्यस्त कारोबारी समुद्री रास्तों में गिना जाता है. इस ताजा विवाद से पहले दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चा तेल इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता था, साथ ही भारी मात्रा में एलएनजी (LNG) गैस की सप्लाई भी यहीं से होती थी. ऐसे में यहां किसी भी तरह की रुकावट या रोक लगने की सूरत में दुनिया भर के बाजारों में हड़कंप मच जाएगा, जिससे जहाजों की आवाजाही ठप होने के साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छूने लगेंगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »