'आपका दोस्त होना गर्व की बात, चीन की सेना लाजवाब', जिनपिंग से मुलाकात में बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान उनकी और चीन की जमकर तारीफ की. ट्रंप ने कहा कि जिनपिंग एक महान नेता हैं और उनका दोस्त होना गर्व की बात है. उन्होंने चीन की सेना, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और दोनों देशों के रिश्तों को लेकर भी सकारात्मक बातें कहीं.

Advertisement
शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में मुलाकात की. (Photo: Reuters) शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में मुलाकात की. (Photo: Reuters)

आजतक इंटरनेशनल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:44 AM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन दौरे के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की खुलकर तारीफ की. बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग एक महान नेता हैं और उनका दोस्त होना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने मीटिंग में चीनी सेना की भी तारीफ की और कहा कि इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता.

Advertisement

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "आपके साथ होना सम्मान की बात है. आपका दोस्त होना भी मेरे लिए गर्व की बात है. चीन और अमेरिका के रिश्ते अब पहले से बेहतर होने जा रहे हैं." उन्होंने स्वागत समारोह की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वहां मौजूद बच्चों ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया.

राष्ट्रपति ट्रंप बोले, "वे बच्चे बेहद खुश और खूबसूरत थे. वे चीन की भावना और भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं. आपकी सेना तो लाजवाब है ही, उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता, लेकिन बच्चों ने मुझे खास तौर पर प्रभावित किया."

यह भी पढ़ें: चीन की गोल्ड स्ट्रैटेजी ने दुनिया को चौंकाया, ग्लोबल मार्केट में बेचैनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी और जिनपिंग की दोस्ती काफी पुरानी है और दोनों नेताओं ने हर मुश्किल दौर में सीधे बातचीत कर समस्याओं का समाधान निकाला. ट्रंप ने कहा, "जब भी कोई दिक्कत आई, मैं आपको फोन करता था या आप मुझे फोन करते थे. हमने हर समस्या को बहुत जल्दी सुलझाया."

Advertisement

ट्रंप ने जिनपिंग की नेतृत्व क्षमता की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, "मैं सभी से कहता हूं कि आप एक महान नेता हैं. कई लोगों को शायद मेरा यह कहना पसंद नहीं आता, लेकिन मैं सच बोलता हूं और सच यही है." उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ अमेरिका के बड़े कारोबारी और उद्योगपति चीन आए हैं. ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों को इस दौरे में शामिल किया है और सभी चीन के साथ व्यापार बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं.

ट्रंप ने इस मुलाकात को बेहद अहम बताते हुए कहा कि कुछ लोग इसे दुनिया की सबसे बड़ी बैठकों में से एक मान रहे हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका में इस बैठक की ही चर्चा हो रही है. ट्रंप ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में चीन और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे और दोनों देश मिलकर बड़े फैसले लेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement