कनाडा के अल्बर्टा में एक सैन्य अड्डे पर हुए हादसे के बाद भीषण आग लग गई. इस घटना में कुछ लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं. कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगुइंटी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी थी.
रक्षा मंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सैन्य अड्डे पर हुई इस घटना में कुछ लोगों की जान चली गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं. हालांकि, उन्होंने न तो मरने वालों और न ही घायलों की सही संख्या बताई है.
मैकगुइंटी ने बताया कि रॉयल कैनेडियल माउंटेड पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने घटना को बेहतर संवेदनशील और गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि कनाडा की सेना के साथ संघीय, प्रांतीय और स्थानीय अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं. पास के वेनराइट समुदाय की ओर से आग बुझाने में मदद की जा रही है.
तेज हवाओं के कारण फैली आग
वेनराइट म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि शनिवार को आग सैन्य अड्डे की बाड़ को पार कर गई थी और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैली. कई इलाकों से दमकलकर्मी आग बुझाने के काम में जुटे हैं. प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने पोस्ट में कहा, 'हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं.'
यह भी पढ़ें: इंटरव्यू, वेंस का फोन और फिर... ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी की नौकरी जाने की इनसाइड स्टोरी
अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने इसे बेहद दुखद घटना बताया है. उन्होंने कहा कि इस हादसे से कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं. एडमोंटन से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट कनाडा के प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है. यहां सैनिकों को युद्ध और सैन्य अभियानों के लिए तैयार किया जाता है.
कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगुइंटी ने कहा कि अधिकारी अभी भी घटना की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले में और जानकारी सामने आएगी.
aajtak.in