इंटरव्यू, वेंस का फोन और फिर... ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी की नौकरी जाने की इनसाइड स्टोरी

डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया की नौकरी महज पांच दिन में चली गई. वह इंटरव्यू दे रही थीं, तभी एक ऐसा बुलावा आया कि उन्हें बातचीत बीच में ही छोड़नी पड़ी. आखिर उस वक्त क्या हुआ था?

Advertisement
व्हाइट हाउस से बर्खास्तगी से कुछ ही क्षण पहले कैटी जकारिया.(Photo: Reuters) व्हाइट हाउस से बर्खास्तगी से कुछ ही क्षण पहले कैटी जकारिया.(Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:54 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया की नौकरी महज पांच दिन में चली गई. 41 साल की जकारिया शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट जर्नल को इंटरव्यू दे रही थीं. तभी ट्रंप के सीनियर एडवाइजर जेसन मिलर उनके पास पहुंचे. उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति JD वेंस उनसे थोड़ी देर बात करना चाहते हैं. जकारिया इंटरव्यू छोड़कर चली गईं, लेकिन फिर न इंटरव्यू के लिए लौटीं, न ही अपनी नौकरी पर. आखिर पांच दिन में ऐसा क्या हुआ कि उनका कार्यकाल खत्म हो गया?

Advertisement

जकारिया ने मंगलवार को व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम में पहली बार पत्रकारों के सवालों का सामना किया था. करीब 14 मिनट चली इस ब्रीफिंग में उन्होंने सिर्फ तीन सवालों के जवाब दिए. वह काफी हद तक लिखे हुए नोट्स पर निर्भर रहीं. ये सवाल भी ऐसे मीडिया संस्थानों की ओर से आए, जिन्हें उनके प्रति दोस्ताना माना जाता था.

पहली ही ब्रीफिंग के बाद उनके प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे. चर्चा होने लगी कि क्या उन्हें इस अहम जिम्मेदारी के लिए पर्याप्त तैयारी का समय मिला था. बाद में उन्होंने खुद बताया कि ब्रीफिंग की तैयारी के लिए उन्हें बहुत कम वक्त मिला था.

तैयारी के लिए 24 घंटे से भी कम समय मिला

उन्होंने बताया कि पहली ब्रीफिंग से पहले तैयारी के लिए 24 घंटे से भी कम समय मिला था. जरूरी जानकारी भी कार्यक्रम वाले दिन सुबह ही दी गई. इसी वजह से उन्हें पत्रकारों के सामने नोट्स देखकर बोलना पड़ा.

Advertisement

उन्होंने कहा कि कम समय और सीमित जानकारी के बावजूद उन्होंने ब्रीफिंग कराने की पूरी कोशिश की. उनका मकसद ट्रंप और अमेरिकी लोगों की बेहतर तरीके से सेवा करना था. उन्होंने यह भी कहा कि वह व्हाइट हाउस को इतनी जल्दी ब्रीफिंग कराने के लिए दोष नहीं देतीं. टीम के साथ मिलकर काम करने की इच्छा के चलते उनके लिए किसी काम के लिए मना करना मुश्किल होता है.

इंटरव्यू से कुछ देर पहले क्या हुआ?

मीडिया रिपोर्ट्सों के मुताबिक, शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे से कुछ देर पहले जकारिया वेस्ट विंग में अपनी डेस्क पर प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर आगे की योजनाओं पर चर्चा कर रही थीं. तभी जेसन मिलर ने उनकी बातचीत बीच में रोक दी. मिलर ने उनसे कहा, "JD हमसे थोड़ी देर बात करना चाहते हैं."

यह जानकारी वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार फिलिप मेलान्थन वेगमैन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की. रिपोर्ट के मुताबिक, जकारिया इंटरव्यू छोड़कर चली गईं और फिर वापस नहीं लौटीं. 

ट्रंप ने भी नौकरी पर दोबारा सोचने को कहा था

उसी दिन जॉर्जिया रवाना होते समय ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि उनकी ज़कारिया से बातचीत हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने उनसे पूछा था कि क्या वह सच में यह नौकरी करना चाहती हैं. उन्होंने कहा था कि जकारिया को इस पद की जरूरत नहीं है और अगर वह अपने फैसले पर दोबारा विचार करती हैं, तो वह इसे समझेंगे. इसके बाद जकारिया को पहली ब्रीफिंग के पांच दिन बाद पद से हटा दिया गया.

Advertisement

कानूनी योग्यता पर भी उठे सवाल

जकारिया की कानूनी योग्यता पर भी सवाल उठे थे. उनसे बार परीक्षा पास करने को लेकर सवाल किया गया था, जबकि ट्रंप उन्हें वकील बता चुके थे. वहीं, शुक्रवार को जकारिया ने कहा था कि प्रेस ऑफिस की टीम में बदलाव की उनकी कोई योजना नहीं है. वह पूरी टीम को साथ लेकर चलना चाहती थीं.

उन्होंने बताया कि बेटे का जन्मदिन मनाने के कारण उन्हें गुरुवार रात कम नींद मिली थी. इसके बावजूद वह शुक्रवार सुबह एक कार्यक्रम में शामिल हुईं. हालांकि, प्रेस ऑफिस के लिए बनाई गई योजनाओं को लागू करने का मौका नहीं मिला.

नौकरी जाने के बाद क्या बोलीं?

पद से हटाए जाने के कुछ घंटे बाद ज़कारिया ने वॉल स्ट्रीट जर्नल से कहा कि सीमित समय और जानकारी के बावजूद उन्होंने ब्रीफिंग कराने की पूरी कोशिश की थी. उन्होंने कहा, "मेरा मकसद राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी लोगों की अपनी पूरी क्षमता के साथ सेवा करना था."

कैलिफोर्निया में रहने वाली जकारिया की पारी महज पांच दिन में खत्म हो गई. पहली ब्रीफिंग से उठे सवाल, तैयारी के लिए कम समय मिलने की उनकी सफाई और इंटरव्यू के बीच आया वेंस से बातचीत का संदेश - इन सबके बीच उनकी नौकरी चली गई. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »