'टिक टॉक... काउंटडाउन शुरू हो गया है', बिलावल भुट्टो ने शहबाज को दी चेतावनी

PoK में चल रहे चुनाव को लेकर पाकिस्तान की सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी PPP और PML-N आमने-सामने हैं. बिलावल भुट्टो जरदारी ने PML-N पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा, 'टिक टॉक, आपका काउंटडाउन शुरू हो गया है.'

Advertisement
चुनाव को लेकर बिलावल भुट्टो ने PML-N को चेतावनी देते हुए कहा कि आपका काउंटडाउन शुरू हो गया है. (File Photo- ITG) चुनाव को लेकर बिलावल भुट्टो ने PML-N को चेतावनी देते हुए कहा कि आपका काउंटडाउन शुरू हो गया है. (File Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:07 PM IST

पाकिस्तान में सत्तारूढ़ गठबंधन के दो बड़े सहयोगी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के बीच PoK में चल रहे चुनाव को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है. दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर चुनाव में धांधली के आरोप लगा रही हैं. इसी बीच PPP अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज को चेतावनी देते हुए कहा, 'टिक टॉक, टिक टॉक... आपका काउंटडाउन शुरू हो गया है.'

Advertisement

कराची के अखबार Dawn की रिपोर्ट के मुताबिक, बिलावल भुट्टो जरदारी ने सोमवार को PML-N पर PoK में हो रहे चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली कराने का आरोप लगाया. इससे कुछ दिन पहले ही बिलावल ने चेतावनी दी थी कि चुनाव 'चुराने' की कोई भी कोशिश हुई तो पाकिस्तान की संघीय सरकार का 'काउंटडाउन' शुरू हो जाएगा. X पर पोस्ट किए गए कई वीडियो में बिलावल ने कहा कि PPP का 'शासन, अधिकार और रोजगार' के लिए अभियान अब कश्मीर या गिलगित-बाल्टिस्तान तक सीमित नहीं रहेगा. ये दोनों भारत का अभिन्न हिस्सा हैं और 1947-48 से पाकिस्तान के अवैध कब्जे में हैं.

बिलावल ने कहा, 'यह आंदोलन कश्मीर या गिलगित-बाल्टिस्तान के पहाड़ों तक सीमित नहीं रहेगा. इंशाअल्लाह, मैं पूरे पाकिस्तान में यह आंदोलन चलाऊंगा.' इसके बाद उन्होंने सीधे PML-N को चेतावनी देते हुए कहा, 'ध्यान से सुनिए, टिक टॉक, टिक टॉक... आपका काउंटडाउन शुरू हो गया है.'

Advertisement

बिलावल के बयान पर लोगों ने उठाए सवाल

बिलावल के बयान पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कई पाकिस्तानी यूजर्स ने PPP के शासन और PML-N के साथ उसके गठबंधन दोनों पर सवाल उठाए. एक यूजर ने बिलावल से कहा कि दूसरे इलाकों में समर्थन मांगने से पहले उन्हें PPP शासित सिंध की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए. यूजर ने लिखा, 'कराची की हालत देखने के बाद कश्मीरियों ने आपको वोट नहीं दिया. पहले सिंध को सुधारिए और फिर कहीं और जाकर वोट मांगिए.' एक अन्य यूजर ने कहा, 'पहले सिंध को उसके अधिकार दीजिए.' वहीं, पंजाब की सूचना मंत्री और PML-N नेता अजमा बुखारी ने बिलावल की चेतावनी का मजाक उड़ाते हुए कहा, 'अरे नहीं, हम तो डर गए. अब क्या होगा?'

PoK में तीन चरणों में चुनाव

PoK में तथाकथित चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं. पहला चरण 27 जुलाई को हुआ था, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 3 अगस्त को हुई. तीसरा और आखिरी चरण 10 अगस्त को होना है. पहले दो चरणों के बाद PML-N स्पष्ट रूप से सबसे आगे चल रही है. बिलावल भुट्टो जरदारी की PPP काफी पीछे दूसरे स्थान पर है और अब तक नौ सीटें जीत चुकी है. PoK में सत्ता में रही PPP को इस चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. भारत ने इन चुनावों को 'दिखावा' बताया है.

Advertisement

सहयोगी होकर भी आमने-सामने PPP और PML-N

एक तरफ PPP और PML-N एक-दूसरे पर चुनाव में धांधली के आरोप लगा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ इस्लामाबाद के शासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है. चुनाव शुरू होने के बाद से इस कार्रवाई में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है. कागजों पर PPP और PML-N पाकिस्तान की सत्ता में सहयोगी हैं, लेकिन PoK में हो रहे तथाकथित चुनाव में दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ खुलकर मैदान में उतर गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »