एक नए कानून के लागू होने के बाद कनाडा की नागरिकता के लिए दुनिया भर में दिलचस्पी बढ़ी है, लेकिन सबसे ज्यादा तेजी अमेरिका के नागरिकों में देखी जा रही है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिकी इस दौड़ में बाकी सभी देशों से बहुत आगे निकल चुके हैं. जनवरी 2026 के ताजा डेटा के अनुसार, वंश (citizenship by descent) के आधार पर नागरिकता के लिए सबसे ज्यादा आवेदन अमेरिकियों ने किए.
इस एक महीने में ही करीब 2,500 अमेरिकी नागरिकों ने कनाडाई नागरिकता का प्रमाण पाने के लिए आवेदन किया. तुलना करें तो दूसरे स्थान पर रहे यूनाइटेड किंगडम से केवल 290 आवेदन आए यानी अमेरिकी आवेदनों की संख्या ब्रिटेन से लगभग 10 गुना ज्यादा रही.
सिर्फ इतना ही नहीं, अमेरिकी नागरिकों द्वारा किए गए आवेदन बाकी प्रमुख देशों फ्रांस, चीन, हांगकांग, भारत, ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात और जर्मनी के कुल आवेदनों से भी ज्यादा रहे. इससे साफ है कि इस समय कनाडाई नागरिकता लेने की होड़ में अमेरिका सबसे आगे है.
कुल कितने आवेदन आए?
नए कानून के लागू होने के बाद आवेदन में अचानक उछाल आया है. 15 दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के अंत तक वंश के आधार पर 12,000 से ज्यादा आवेदन मिले. इनमें सबसे बड़ा हिस्सा अमेरिकियों का रहा.
क्या कहता है नया कानून?
यह बढ़ोतरी कनाडा के नए कानून (बिल C-3) के कारण हुई है. इस कानून ने नागरिकता को पीढ़ियों तक पाने की पुरानी सीमा को खत्म कर दिया है. पहले नागरिकता सिर्फ सीमित पीढ़ियों तक ही मिल सकती थी, लेकिन अब कोई भी व्यक्ति अपने बहुत पुराने कनाडाई पूर्वज के आधार पर भी नागरिकता का दावा कर सकता है. इस बदलाव के बाद लाखों ऐसे लोग पात्र बन गए हैं, जो अब दोहरी नागरिकता (कनाडा + अमेरिका) ले सकते हैं.
लोग क्यों कर रहे हैं आवेदन?
कई अमेरिकी अब अपने परिवार के इतिहास को खंगाल रहे हैं. कुछ लोगों के लिए यह सिर्फ एक और पासपोर्ट पाने का मौका है, जबकि कुछ लोग इसे भविष्य की सुरक्षा के तौर पर देख रहे हैं ताकि जरूरत पड़ने पर वे कनाडा में बस सकें या वहां के अधिकारों का लाभ ले सकें. बड़ी संख्या में लोग फिलहाल कनाडा में बसने की योजना नहीं बना रहे. वे सिर्फ नागरिकता और पासपोर्ट हासिल करना चाहते हैं, ताकि भविष्य में विकल्प खुला रहे.
पहले भी थी अमेरिकियों की दिलचस्पी
गौर करने वाली बात यह है कि यह ट्रेंड नया जरूर है, लेकिन अमेरिकियों में पहले भी ये दिलचस्पी देखी गई है. साल 2025 में ही 24,500 अमेरिकी नागरिकों ने आवेदन किया था. यह दुनियाभर के कुल आवेदनों का करीब 30% था.
जनवरी 2026 के आंकड़ों पर कनाडा का सरकार का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है. जैसे-जैसे ज्यादा लोगों को इस कानून के बारे में जानकारी मिलेगी, वैसे-वैसे आवेदन की संख्या और बढ़ सकती है.
हुमरा असद