कोलकाता में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है. शुभेंदु ने कहा कि अब हुगली नदी में प्रतिमाओं को केवल सनातन धर्म के अनुयायी ही छुएंगे. उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं का पालन करना जरूरी है.
अधिकारी ने बाबूघाट पर विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा के दौरान यह बात कही. उनके साथ कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद और कोलकाता नगर आयुक्त स्मिता पांडे भी मौजूद थीं. सुरक्षा के लिए NDRF को तैनात किया गया है, साथ ही 18 आईपीएस अधिकारी 24 अक्टूबर तक कोलकाता और आसपास के इलाकों में विसर्जन की निगरानी करेंगे.
अधिकारी ने कहा, “मैंने सीपी को हुगली में प्रतिमाएं ले जाने वाले लोगों की पहचान रखने का निर्देश दिया है. सनातन धर्म को मानने वाले लोग ही प्रतिमाओं को छुएंगे. इसमें कोई सांप्रदायिक बात नहीं है.” उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विसर्जन के धार्मिक महत्व को देखते हुए इस साल इंतजाम मजबूत किए गए हैं. अधिकारी ने कहा, “विसर्जन की पवित्रता बनाए रखने के लिए हमें उन परंपराओं, शास्त्रों और नियमों का पालन करना होगा, जिनका कई हजार सालों से पालन किया जा रहा है. यह एक त्योहार है, लेकिन मुख्य रूप से धार्मिक कार्यक्रम है.”
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर: विसर्जन के दौरान DJ बजाया तो खैर नहीं, पूजा समिति पर दर्ज होगा क्रिमिनल केस
टाकी में 200 देसी नावों को लेकर चिंता
मुख्यमंत्री ने उत्तर 24 परगना के टाकी में इच्छामती नदी पर विसर्जन देखने जाने वालों की सुरक्षा पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कम से कम 200 देसी नावों में दर्शक सवार होंगे. प्रशासन ने इस पर कार्रवाई करने की कोशिश की, लेकिन भक्तों की भावनाओं का भी ध्यान रखना पड़ा.
उन्होंने कहा, “हमने लाइफ जैकेट देने और वजन का संतुलन बनाए रखने जैसे कदम उठाए हैं, लेकिन चिंता अब भी है क्योंकि ज्यादातर नावें देसी नावें, यानी डिंगी हैं.” टाकी में BSF की मदद ली गई है. एक कैबिनेट मंत्री को भी वहां भेजा गया है और बारासात रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है.
18 आईपीएस अधिकारी करेंगे निगरानी
महासप्तमी की शाम चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 12 आईपीएस अधिकारी कोलकाता और छह हावड़ा, बैरकपुर तथा चंदननगर में तैनात रहेंगे.
कोलकाता में गौरव शर्मा, सोमा दास मित्रा, राशिद मुनीर खान, आकाश मघारिया, सुरेश कुमार चदिवे और धृतिमान सरकार 21 और 23 अक्टूबर को निगरानी करेंगे. प्रवीण कुमार त्रिपाठी, इमरान वहाब, शिश राम झाझरिया, सौम्या रॉय, पारिजात बिस्वास और सिद्धार्थ धपोला 22 और 24 अक्टूबर को ड्यूटी पर रहेंगे.
वहीं हावड़ा में इंद्र चक्रवर्ती 21 और 23 अक्टूबर, जबकि अवरु रविंद्रनाथ 22 और 24 अक्टूबर को जिम्मेदारी संभालेंगे. पलाश चंद्र धाली और द्युतिमान भट्टाचार्य को बैरकपुर, जबकि अभिजीत बनर्जी और संदीप मंडल को चंदननगर की जिम्मेदारी दी गई है. प्रशासन ने धार्मिक परंपराओं के पालन के साथ विसर्जन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
aajtak.in