लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा की मौत का मामला अब सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने उठाया जाएगा. खुद शिवा की मां रंजना शर्मा ने 'आजतक' से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है. उन्होंने कहा है कि वे मुख्यमंत्री से जनता दरबार में मुलाकात करेंगी और उन्हें अपनी पीड़ा बताएंगी. वहीं, आरोपी श्रद्धा शर्मा को लेकर शिवा की मां का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कहा कि वह रोज-रोज मेकअप लगाकर बाइट दे रही है, मुझे नहीं लगता श्रद्धा कहीं से परेशान है. आखिर पुलिस के सामने क्यों नहीं आ रही?
बकौल रंजना शर्मा- मुझे सिर्फ ये कहना है कि वो 50 हजार की इनामी है. जिसने भी उसकी बाइट ली है, उसे पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी. वो फरार नहीं है. नहीं तो मीडिया बाइट कैसे देती.
आपको बता दें कि राजधानी के हजरतगंज स्थित बालू अड्डा इलाके में 9 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थिति में जान गंवाने वाले कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक की मां रंजना शर्मा ने हाल ही में मीडिया के सामने आकर मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे द्वारा दिए जा रहे बयानों और इंटरव्यू पर कड़ा एतराज जताया है. रंजना शर्मा ने सवाल उठाया है कि यदि आरोपी महिला खुद को बेकसूर बता रही है और उसे पुलिसिया कार्रवाई की हर जानकारी है, तो वह मीडिया को बाइट देने के बजाय पुलिस के सामने सरेंडर क्यों नहीं करती.
श्रद्धा दुबे के बयानों पर मां का तीखा पलटवार
इंटरव्यू के दौरान जब मां रंजना शर्मा से पूछा गया कि आरोपी श्रद्धा दावा कर रही है कि शिवा उसके सामने ही बालकनी से कूदा था और वह आत्महत्या थी, तो रंजना शर्मा ने जवाब दिया कि यदि ऐसा था तो उसे तुरंत पुलिस को बताना चाहिए था. उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धा के बयानों से ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा कि वह किसी परेशानी में है, बल्कि वह वेल-मेकअप होकर मीडिया के सामने आ रही है. मां ने तंज कसते हुए कहा कि यदि उसे पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज की इतनी जानकारी है, तो उसे छिपने के बजाय जांच में सहयोग करना चाहिए.
ज्वेलरी चोरी और पर्सनल लाइफ के आरोपों पर सफाई
श्रद्धा दुबे द्वारा शिवा पर ज्वेलरी चोरी के आरोप लगाने और पर्सनल लाइफ से जुड़ी बातें कहने पर रंजना शर्मा ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी की पर्सनल लाइफ से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि ज्वेलरी या चोरी जैसी बातें पूरी तरह से पुलिस और कोर्ट के दायरे की हैं. आरोपी महिला अपनी गोपनीय और कानूनी बातें मीडिया को बताने के बजाय सही जगह पर क्यों नहीं रखती? उन्होंने कहा कि उन्हें इन सब बातों से कोई मतलब नहीं है, उनका एकमात्र उद्देश्य अपने बेटे के लिए इंसाफ पाना है.
पुलिस कमिश्नर और सीएम से मिलने की उम्मीद
बेटे की हत्या के मामले में अभी तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आहत रंजना शर्मा ने कहा कि वह जल्द से जल्द पुलिस और प्रशासन से इनकी गिरफ्तारी की मांग करती हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या पुलिस लापरवाही कर रही है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि पुलिस जांच में कोई लापरवाही हो रही है, बल्कि केस सही दिशा में आगे बढ़ रहा है. हालांकि, स्थानीय अधिकारियों के तबादलों की उन्हें पूरी जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि वह न्याय की उम्मीद में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में जाकर मिलने का प्रयास करेंगी.
निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी की गुहार
अंत में रंजना शर्मा ने दोहराया कि उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है और उन्हें सिर्फ और सिर्फ न्याय चाहिए. उन्होंने प्रशासन और पुलिस से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि श्रद्धा दुबे और अन्य फरार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि सच सामने आ सके. मां का यह दर्द और आक्रोश इस बात को साफ करता है कि पीड़ित परिवार आरोपियों के लगातार सामने आ रहे वीडियो बयानों से आहत है और अब कानून की सख्त कार्रवाई का इंतजार कर रहा है.
आशीष श्रीवास्तव