प्रयागराज के PPGCL पावर प्लांट में मजदूरों की स्ट्राइक, 12 घंटे की शिफ्ट और कम वेतन का विरोध

प्रयागराज पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पावर प्लांट में 12 घंटे की ड्यूटी और कम वेतन के विरोध में सैकड़ों मजदूर हड़ताल पर बैठ गए हैं. मजदूर काम बंद कर प्लांट के गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं और 8 घंटे की शिफ्ट व मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
प्रयागराज पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड पावर प्लांट में सैकड़ों मजदूर धरने पर बैठे. (Photo: ITG) प्रयागराज पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड पावर प्लांट में सैकड़ों मजदूर धरने पर बैठे. (Photo: ITG)

पंकज श्रीवास्तव

  • प्रयागराज ,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:51 PM IST

नोएडा के बाद अब प्रयागराज में भी मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं. उनका गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है. बारा इलाके में स्थित प्रयागराज पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PPGCL) पावर प्लांट में बुधवार को सैकड़ों मजदूरों ने 12 घंटे की ड्यूटी के विरोध में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी. गुस्साए मजदूर प्लांट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे, जिससे पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया.

Advertisement

मजदूरों का आरोप है कि कंपनी उनसे जबरन 12-12 घंटे काम करवा रही है, जो श्रम कानूनों के खिलाफ है. उनका कहना है कि यह न सिर्फ आर्थिक, बल्कि शारीरिक शोषण भी है. मजदूरों की मांग है कि उनकी ड्यूटी को नियमों के अनुसार 8 घंटे किया जाए. साथ ही उन्होंने महंगाई को देखते हुए वेतन बढ़ाने (मानदेय वृद्धि) की भी मांग उठाई है. उनका कहना है कि मौजूदा वेतन में काम करना अब मुश्किल हो गया है और कंपनी को इस पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: माफिया अशरफ के पूर्व गनर इरफान गद्दी की सरेआम हत्या, बीच सड़क पर सीने में मारी गोली

धरने पर बैठे मजदूरों ने साफ कर दिया है कि वे केवल मौखिक आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे. वे प्रबंधन से लिखित में गारंटी चाहते हैं कि उनकी मांगों पर अमल किया जाएगा. मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. इस विरोध प्रदर्शन के चलते अधिकारियों में भी असमंजस की स्थिति दिखी.

Advertisement

पावर प्लांट मैनेजमेंट मजदूरों को समझाने और हालात को सामान्य करने की कोशिश करता रहा, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके. फिलहाल, मैनेजमेंट और मजदूरों के बीच बातचीत जारी है. मजदूर अपनी समस्या का समाधान निकलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement