UP: 50 से ज्यादा CCTV खंगाले, मोबाइल डेटा एनालिसिस किया, ऐसे हुआ दुकानदार की हत्या का खुलास, दो अरेस्ट

मेरठ के जानी क्षेत्र में 18 अप्रैल को दुकानदार नरेश शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. उधार के 18 हजार रुपये को लेकर विवाद के बाद आरोपी आशीष ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आशीष और हर्ष को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है और दोनों को जेल भेज दिया गया है.

Advertisement
हत्या के आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट किया (Photo: Screengrab) हत्या के आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट किया (Photo: Screengrab)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:55 PM IST

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में 18 अप्रैल को हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कुराली बस स्टैंड पर कन्फेक्शनरी शॉप चलाने वाले नरेश शर्मा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.

इस वारदात पर मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 18 अप्रैल 2026 की रात नेशनल हाईवे 334 बी पर स्थित कुराली अड्डा पर नरेश शर्मा को गोली मार दी गई थी. नरेश अपनी दुकान पर चिप्स, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक आदि बेचते थे. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

इस मामले में नरेश शर्मा की पत्नी की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आसपास के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके साथ ही मोबाइल नंबरों का भी विश्लेषण किया गया.

जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली, जिनकी पहचान हर्ष उर्फ हरशु और आशीष के रूप में हुई. पुलिस उनकी तलाश कर रही थी और दोनों आरोपी लगातार छिपते हुए भाग रहे थे. आखिरकार पुलिस को सूचना मिली और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आशीष की पैंट से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पूरी घटना का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल की शाम को वे दोनों अपने गांव से नरेश की दुकान पर गए थे.

Advertisement

18 अप्रैल को कुराली बस स्टैंड पर हुई थी दुकानदार की हत्या

आरोपियों के अनुसार, आशीष और नरेश शर्मा दोनों ठेके से बीयर लेकर आए थे और तीनों ने साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद पैसे को लेकर विवाद शुरू हुआ. बताया गया कि कोरोना काल में नरेश ने आशीष को 45 हजार रुपये उधार दिए थे, जिसमें से 18 हजार रुपये अभी बाकी थे. जब नरेश ने आशीष से पैसे मांगे तो उसने आर्थिक तंगी का हवाला दिया. इस बात पर नरेश गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा. इसी दौरान हर्ष ने आशीष से कहा कि उसे मार दे.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद किया

इसके बाद आशीष ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और नरेश पर दो गोलियां चला दीं. एक गोली नरेश के सिर में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके सीने की जेब में रखे मोबाइल फोन पर लगी. गोली लगते ही नरेश जमीन पर गिर गया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से पैदल भाग निकले और बागपत की तरफ चले गए. बाद में वे खेतों में छिपते रहे और पुलिस से बचने के लिए लगातार इधर-उधर भागते रहे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement