सबने VIDEO देखा, लेकिन कहानी नहीं जानते... अखिलेश यादव के सामने कन्हैया ने क्यों लगाया पुशअप 

सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के सामने पुशअप लगाने के  वायरल वीडियो के पीछे की कहानी अब सामने आई है. झांसी के समाजवादी कार्यकर्ता सीताराम यादव उर्फ कन्हैया ने अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान नेताजी मुलायम सिंह यादव की पीतल की प्रतिमा भेंट की और उनके सम्मान में पुशअप लगाया. खेती-किसानी से राजनीति तक का उनका सफर, बेटी की शादी से जुड़ा प्रसंग और अखिलेश यादव से उनका जुड़ाव अब चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement
अखिलेश यादव के सामने पुशअप लगाते कन्हैया यादव (Photo ITG) अखिलेश यादव के सामने पुशअप लगाते कन्हैया यादव (Photo ITG)

अजय झा

  • झांसी ,
  • 06 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:06 PM IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब देखा और साझा किया जा रहा है. वीडियो में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने एक कार्यकर्ता पुशअप करता दिखाई देता है. अखिलेश यादव मुस्कुराते हैं, आगे बढ़कर उसे रोकते है और हाथ मिलाते हैं. यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच चुका है, लेकिन इस वीडियो के पीछे की कहानी बहुत कम लोग जानते हैं. 

Advertisement

वायरल वीडियो का चेहरा कौन है?

वीडियो में दिखाई देने वाले कार्यकर्ता का नाम सीताराम यादव उर्फ कन्हैया है. झांसी के रहने वाले कन्हैया करीब तीन साल पहले सक्रिय राजनीति में आए. इससे पहले उनका जीवन खेती-किसानी में बीतता था. उनका कहना है कि राजनीति में आने की प्रेरणा उन्हें अपनी मां से मिली. इसके बाद उन्होंने समाजवादी विचारधारा को अपनाया और संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी. उनका दावा है कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के विचारों और सादगी ने उन्हें सबसे अधिक प्रभावित किया. यही कारण है कि वह खुद को आज भी समाजवादी विचारधारा का समर्पित कार्यकर्ता मानते हैं.

वायरल वीडियो जनवरी का 

सोशल मीडिया पर जो वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है, उसकी कहानी दरअसल कई महीने पुरानी है. कन्हैया बताते हैं कि जनवरी 2026 में वह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने लखनऊ पहुंचे थे. उस मुलाकात के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को करीब ढाई फीट ऊंची और लगभग 38 किलोग्राम वजनी पीतल की प्रतिमा भेंट की थी. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर आज नेताजी मुलायम सिंह यादव जीवित होते तो वह उन्हें दंडवत प्रणाम करते. बताया जाता है कि इसी बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने मुस्कुराते हुए उनसे पूछा, क्या आप पहलवानी भी करते हैं? इस पर कन्हैया ने जवाब दिया, मैं पहलवान हूं और नेताजी भी पहलवानी से जुड़े रहे हैं. इसके बाद उन्होंने वहीं नेताजी की प्रतिमा के सामने पुशअप लगाना शुरू कर दिया. उसी पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

बेटी की शादी में पहुंचे थे अखिलेश यादव

कन्हैया बताते हैं कि जनवरी में निमंत्रण देने के बाद फरवरी 2026 में अखिलेश यादव झांसी पहुंचे और उनकी बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए. इस मुलाकात ने उनके परिवार के लिए उस दिन को और यादगार बना दिया. 1 जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कन्हैया एक बार फिर लखनऊ पहुंचे. इस बार वह खाली हाथ नहीं थे. अपने साथ लगभग तीन फीट ऊंची और करीब 58 किलोग्राम वजनी पीतल की प्रतिमा लेकर आए, जिसमें अखिलेश यादव को साइकिल पर सवार दिखाया गया है. प्रतिमा देखते ही अखिलेश यादव ने प्रसन्नता जताई और कन्हैया से आत्मीयता के साथ बातचीत की. इसी मुलाकात के बाद पुराना वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जाने लगा

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »