Uttar Pradesh News: आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित परशुराम चौक पर मंगलवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने करीब आधे घंटे तक जमकर हंगामा किया. उत्तेजित नारेबाजी करते हुए दर्जनों कार्यकर्ता चौक की रेलिंग फांदकर उसपर चढ़ गए और वहां लगे धार्मिक झंडे उतारने की कोशिश की. साथ ही उसकी जगह अपने नीले झंडे लगा दिए.
यह विवाद उस समय हुआ जब ब्राह्मण समाज ने चौक पर आर्यभट्ट की जयंती के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया था. इस कार्यक्रम के बाद घटना हुई जिसने शहर का माहौल गरमा दिया है. फिलहाल, स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
परशुराम चौक पर 'नीला' झंडा और नारेबाजी
आरोप है कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परशुराम चौक पहुंचे और रेलिंग पर चढ़कर हुड़दंग शुरू कर दिया. कथित तौर पर वहां पहले से लगे धार्मिक झंडों को हटाने का प्रयास किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की, जिससे आसपास के लोग सहम गए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उपद्रवियों ने सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया.
ब्राह्मण समाज में उबाल, पुलिस अलर्ट
इस घटना की जानकारी मिलते ही ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए. समाज के नेताओं ने इसे शहर की शांति भंग करने की सोची-समझी साजिश करार दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्यभट्ट जयंती कार्यक्रम में खलल डालने के इरादे से यह कृत्य किया गया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है.
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
आगरा के सिकंदरा में बाबा साहब जयंती रैली के दौरान परशुराम चौक पर झंडा लगाने और नारेबाजी को लेकर दो पक्षों में तनाव की स्थिति बनी. ब्राह्मण समाज ने कुछ अराजक तत्वों पर अपमान और सीसीटीवी तोड़ने का आरोप लगाकर एफआईआर की मांग की है. हालांकि, ACP ने तोड़फोड़ की बात को अफवाह बताते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. एहतियातन पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था कायम की गई है.
नितिन उपाध्याय