15 लाख फॉलोअर्स वाले कुत्ते को चुराकर बेचा, फिर रेस्टोरेंट में परोसा, भड़के लोग

चीन के हेनान प्रांत में 15 लाख फॉलोअर्स वाले मशहूर बॉर्डर कॉली कुत्ते को एक चोर ने चुराकर सिर्फ 180 युआन (करीब 25 डॉलर) में एक रेस्टोरेंट को बेच दिया, जहां उसे मारकर उसका मांस परोस दिया गया. कुत्ते का मालिक और ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ विदेश यात्रा से लौटकर न्याय की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
चीन में पालतू जानवरों को लेकर कानून काफी सीमित हैं. ( Photo: ITG) चीन में पालतू जानवरों को लेकर कानून काफी सीमित हैं. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:51 AM IST

पालतू जानवर कई लोगों के लिए सिर्फ जानवर नहीं होते, बल्कि परिवार का हिस्सा होते हैं. लोग उनके साथ सालों बिताते हैं और उनसे काफी इमोशनल रिश्ता बना लेते हैं. चीन में एक ऐसे ही मशहूर पालतू कुत्ते की दर्दनाक कहानी सामने आई है, जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया है. एक लोकप्रिय बॉर्डर कॉली कुत्ते को चुराकर बेच दिया गया और बाद में उसका मांस एक रेस्तरां में परोस दिया गया. अब उसका मालिक न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उसे कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. यह मामला चीन के हेनान प्रांत का है. यहां रहने वाली ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ के पास एक बॉर्डर कॉली कुत्ता था. यह नस्ल अपनी समझदारी, फुर्ती और दोस्ताना स्वभाव के लिए जानी जाती है. डॉग पिछले कई वर्षों से गुओ के साथ देशभर की यात्राओं में शामिल होता था. वह बर्फीले पहाड़ों से लेकर रेगिस्तानों तक उसके साथ गया था और अक्सर रात में उसके टेंच के बाहर पहरा देता था.

Advertisement

सोशल मीडिया पर था काफी लोकप्रिय
वह कुत्ता सिर्फ एक पालतू कुत्ता नहीं था, बल्कि सोशल मीडिया स्टार भी था. उसके वीडियो और तस्वीरें लोगों को काफी पसंद आती थीं. इसी वजह से सोशल मीडिया पर उसके 15 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे. गुओ ने बताया कि उन्होंने साल 2018 में उस कुत्ते को सड़क किनारे कुत्ते बेचने वाले व्यक्ति से खरीदा था. उस समय वह सिर्फ तीन महीने का पिल्ला था.

विदेश यात्रा के दौरान हुआ गायब
हाल ही में गुओ जॉर्जिया देश की यात्रा पर गए हुए थे. इस दौरान उन्होंने कुत्ते को अपने माता-पिता के पास छोड़ दिया था. 11 मई को उनके पिता ने देखा कि कुत्ता खेत से गायब है. बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दो अजनबी लोग इलेक्ट्रिक बाइक पर आए और कुत्ते को अपने साथ ले गए. यह देखकर गुओ ने अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी और तुरंत चीन लौट आईं.

Advertisement

कुत्ते को वापस पाने की कोशिश
गुओ ने कई दिनों तक डॉग की तलाश की. आखिरकार 26 मई को उन्हें उस व्यक्ति का पता चल गया, जिस पर कुत्ता चुराने का आरोप था. उन्होंने कुत्ते को वापस पाने के लिए 10 हजार युआन यानी करीब 1,500 डॉलर देने की भी पेशकश की. लेकिन आरोपी ने दावा किया कि उसे लगा था कि यह एक आवारा कुत्ता है और वह खुद उसके पीछे-पीछे चल पड़ा था. गुओ ने इस बात को पूरी तरह गलत बताया. उनका कहना था कि कुत्ते के गले में पट्टा और ट्रैकिंग डिवाइस लगा हुआ था, जिससे साफ पता चलता था कि वह किसी का पालतू कुत्ता है.

जांच के दौरान गुओ को पता चला कि उस कुत्ते को सिर्फ 180 युआन यानी करीब 25 डॉलर में एक कुत्ते के मांस वाले रेस्तरां को बेच दिया गया था. वहां उसे मार दिया गया और उसका मांस ग्राहकों को परोस दिया गया. जब गुओ ने आरोपी से जवाब मांगा तो उसने कोई पछतावा नहीं दिखाया. बताया जाता है कि उसने कहा- कुत्ता मर चुका है, अब हंगामा बंद करो. मैंने कोई कानून नहीं तोड़ा है. गुओ बाद में उस रेस्तरां भी पहुंचा जहां उसके कुत्ते को काटा गया था. उन्हें उम्मीद थी कि शायद कुत्ते की खाल या कुछ अवशेष मिल जाएं, लेकिन वहां काम करने वाले व्यक्ति ने बताया कि सब कुछ पहले ही फेंका जा चुका है.

Advertisement

कानून बना सबसे बड़ी चुनौती
गुओ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कुत्ते की कीमत से जुड़े सबूत भी दिए हैं. हालांकि चीन में पालतू जानवरों को लेकर कानून काफी सीमित हैं. वहां पालतू जानवरों को अक्सर संपत्ति की तरह माना जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, चोरी के मामले में आपराधिक कार्रवाई तभी हो सकती है जब चोरी की गई संपत्ति की कीमत 2,000 युआन से अधिक साबित हो. ऐसे में गुओ को यह साबित करना होगा कि चुतो की कीमत कानूनी सीमा से ज्यादा थी.

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. कई लोगों ने चुतो के पुराने वीडियो शेयर किए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इस घटना ने चीन में कुत्तों के मांस के कारोबार और पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर बहस को फिर से तेज कर दिया है. फिलहाल गुओ अपने पालतू साथी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं, जबकि लाखों लोग उनके समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »